दाखिल खारिज कैंप में हंगामा
अंचल कार्यालय में दाखिल खारिज के लिए गुरुवार को विशेष कैंप का आयोजन किया गया।
पटना दुल्हिन बाजार। अंचल कार्यालय में दाखिल खारिज के लिए गुरुवार को विशेष कैंप का आयोजन किया गया था। इसमें दर्जनों किसान राजस्व रसीद कटाने के लिए पहुंचे थे। कैंप में दोनों राजस्व कर्मचारी के साथ अंचलाधिकारी मौजूद थे। किसानों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि दाखिल खारिज के लिए फॉर्म तो ले लिया जाता है लेकिन इसके निष्पादन में महीनों लग जाते हैं। दूसरी ओर अधिकारियों का कहना है कि प्रखंड में एक राजस्व कर्मचारी के जिम्मे सात पंचायत है। राजस्व रसीद काटने के अलावे दाखिल खारिज की रिपोर्ट तैयार करने से लेकर आय प्रमाण पत्र तक का काम बाहरी लोग करते हैं। इसको लेकर कई बार मारपीट तक की नौबत आ जाती है। गुरुवार को अंचलाधिकारी के सामने ही लोग हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप था कि कई तरह के कागजात के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं।
दाखिल खारिज के विशेष कैंप में सीही पनसुही पंचायत के नवादा गाव निवासी विमल यादव जमाबंदी स्थानातरण के लिए पिछले कई माह से अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। मगर उनका काम नहीं हो रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने प्रखंड प्रमुख रेखा देवी से कर दी। राजस्व कर्मचारी मोहम्मद रिजवान को कई बार फोन किया गया। परंतु राजस्व कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया। वहीं शिकायतकर्ता विमल यादव को कार्यालय से धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया। इसको लेकर कार्यालय में हंगामा होने लगा। अंचलाधिकारी राजीव कुमार ने बताया राजस्व कर्मचारी की कमी के कारण बाहरी लोगों से काम लेना पड़ता है। पैसे की लेनदेन की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फतुहा में दाखिल खारिज शिविर मे 86 मामलों का हुआ निष्पादन संसू, फतुहा : प्रखंड परिसर में गुरुवार को दाखिल खारिज शिविर लगाया गया। इसमें कुल 86 मामलों का निष्पादन हुआ। अंचलाधिकारी शैलेश कुमार सिंह ने भू-स्वामियों से कहा कि अपनी जमीन के सही कागजात जरूर पेश करें ताकि दाखिल खारिज में कोई परेशानी न उठानी पड़े। बख्तियारपुर में दाखिल खारिज हेतु लगा शिविर संवाद सूत्र, बख्तियारपुर : अंचल कार्यालय में दाखिल खारिज के निपटारे के लिए शिविर का आयोजन किया गया। इस संबंध में सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शिविर में 302 ऑनलाइन दाखिल खारिज का निष्पादन किया गया।