विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहिणी की घर वापसी: पिता लालू के छुए पैर, मां राबड़ी से लिपटकर रोईं; एयरपोर्ट पर दिखा भावुक नजारा

Published: Thu, 01 Oct 2026 10:19 PM (IST)

लगभग 11 माह बाद रोहिणी आचार्य सिंगापुर से पटना लौटीं, जहां हवाई अड्डे पर पिता लालू प्रसाद, मां राबड़ी देवी और बहन मीसा भारती ने उनका भावुक स्वागत किया।

रोहिणी को एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे लालू यादव। (वीडियो ग्रैब)

रोहिणी को एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे लालू यादव। (वीडियो ग्रैब)

राज्य ब्यूरो, पटना। लगभग 11 माह के लंबे पारिवारिक विवाद के बाद रोहिणी आचार्य गुरुवार को सिंगापुर से पटना पहुंचीं। उस दौरान हवाईअड्डा पर भावुक दृश्य रहा।

मां राबड़ी देवी और बड़ी बहन मीसा भारती के साथ पिता लालू प्रसाद उन्हें रिसीव करने पहुंचे थे। पिता से आशीर्वाद लेने के लिए रोहिणी जैसे ही पैर छूने के लिए झुकीं, पूरा परिवार भावुक हो गया।

राबड़ी से गले मिलते हुए रोहिणी फफक पड़ीं। लालू भी भावनाओं को दबा नहीं सके और रुमाल से अपनी आंखें पोंछने लगे। आंखों के साथ मीसा का दुपट्टा भी गीला-गीला हो गया था।

स्वागत के लिए बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता भी जुटे थे। वे 'लालू-राबड़ी जिंदाबाद' और 'रोहिणी आचार्य जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे। इसी हुजूम के साथ रोहिणी को लेकर लालू कौटिल्यनगर स्थित अपने निजी आवास पहुंचे।

रोहिणी ने बताया कि पिता ने बुलाया तो वे मिलने आ गईं। लंबी अवधि के बाद घर लौटी हैं। इस मुलाकात को राजनीतिक रंग न दिया जाए। हालांकि, तेजस्वी से संबंधित प्रश्नों को वे अनसुना कर गईं।

अपने एक्स हैंडल पर भी उन्होंने लिखा है कि वे पिता के पास लौटकर एक बेटी का फर्ज निभाने आ रही हैं। मीसा ने भी इसे नितांत पारिवारिक मुलाकात बताते हुए किसी भी तरह की राजनीतिक अटकलों से बचने की सलाह दी है।

अनबन और मेलजोल 

पिछले वर्ष नवंबर में विधानसभा चुनाव के बाद छोटे भाई तेजस्वी यादव के साथ रोहिणी का अनबन हो गया था। उससे व्यथित होकर वे सिंगापुर चली गई थीं, इस कसम के साथ कि मायके से नाता टूट चुका है।

अब घर वापसी के बाद माना जा रहा कि स्वजनों के बीच की दूरियां समाप्त हो गई हैं, या उसके लिए पहल निर्णायक मोड़ पर है।

तेजस्वी अभी दिल्ली में हैं और संभव है कि लालू-राबड़ी भी तीन अक्टूबर को दिल्ली में रहें। उस दिन रेलवे में नौकरी के बदले भूमि प्रकरण में उनके विरुद्ध आरोप का गठन होना है। इस पृष्ठभूमि में राेहिणी की वापसी परिवार को आत्मिक संबल दे रही है।

यह भी पढ़ें- IRCTC Scam में लालू यादव, तेजस्वी और राबड़ी समेत आठ पर मनी लांड्रिंग के आरोप तय; सात को राहत