नीतीश सरकार के खिलाफ रालोसपा ने मनाया काला दिवस, फीजिकल डिस्टेंसिंग का भी किया पालन
लॉकडाउन के दौरान रालोसपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रविवार को काला दिवस मनाया। इस दौरान पाटर्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा खुद वैशाली में बैठे थे।
पटना, जेएनएन। सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ बिहार में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रविवार को काला दिवस मनाया। यह कार्यक्रम सत्याग्रह का एक हिस्सा था। इसके पहले पिछले सप्ताह रालोसपा ने दो घंटे का उपवास कार्यक्रम चलाया था। इसी के तहत रविवार को रालोसपा की ओर से दो घंटे का काला दिवस मनाया गया।
कुशवाहा ने किया था ट्वीट
काला दिवस मनाने के दौरान रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा खुद वैशाली में बैठे थे। उनके साथ कई अन्य पदाधिकारी बैठे हुए थे, वहीं अन्य जिलों में पार्टी के प्रदेश प्रमुख व जिला प्रमुख बैठे थे। खास बात कि आज भी रालोसपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन किेया गया। बता दें कि इसे लेकर कुशवाहा ने ट्वीट भी किया था।
कैद है मीडिया, जनता है विवश !
बैठें धरना पर, मनाएं #काला_दिवस।#Covid_19 संकट से निपटने में नाकाम @NitishKumar सरकार के विरोध में एवं #रालोसपा की पांच सूत्री मांगों के साथ 10 बजे राज्यव्यापी #10मई_कालादिवस "धरना सत्याग्रह" की शुरूआत करते श्री उपेंद्र कुशवाहा जी।#10May_BlackDay https://t.co/UBikTR4qFn" rel="nofollow pic.twitter.com/2EhEaDmvlA — RLSP (@RLSPIndia) May 10, 2020
उपेंद्र ने नीतीश सरकार पर किया हमला
उपेंद्र कुशवाहा ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कोरोना संकट में भी सरकार मजदूरों को मदद नहीं कर रही है। हजारों मजदूरों को भोजन के लिए समस्या हो रही है, लेकिन सरकार न ठीक से भोजन दे रही है और न ही राशन मुहैया करा रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि प्रखंडों में बनाए गए क्वांरटाइन सेंटरों पर कोई सुविधा नहीं है। यह लोगों को पता नहीं चले, इसके लिए वहां मीडिया के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
आगे भी जारी रहेगा सत्याग्रह कार्यक्रम
कुशवाहा ने कहा कि क्वारंटाइन सेंटरों में मजदूरों व कामगारों को सुविधा नहीं मिलने और मीडिया के वहां जाने पर बैन लगाए जाने के विरोध में रालोसपा पूरे बिहार में काला दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया पर प्रतिबंध लगाना नीतीश कुमार का गैर लोकतांत्रिक कदम है। असंवैधानिक कदम है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रालोसपा का सत्याग्रह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। कुशवाहा ने इस बाबत वीडियो भी ट्वीट किया है।
इस अभियान में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी धोरैया (बांका), प्रदेश अध्यक्ष अभियान समिति जीतेंद्र नाथ शेखपुरा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश यादव पटना, रालसोपा के प्रदेश किसान अध्यक्ष सुभाष यादव तुरकौलिया (मोतिहारी), कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी मुज्जफरपुर, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा कैमूर, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुभाष चन्द्रवंशी दनियावां, युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पटेल सुल्तानगंज, छात्र रालोसपा अध्यक्ष गोविंद कुशवाहा आरा सहित सभी जिलाध्यक्षों ने अपने अपने जिला मुख्यालय में काली पट्टी लगाकर अपने समर्थकों के साथ काला दिवस मनाया।