#Arun Jaitley: जेटली के साथ लालू ने जेपी आंदोलन में किया था काम, निधन से दुखी हैं राजद सुप्रीमो
भाजपा के वरीय नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी दुखी हैं। उन्होंने कहा कि जेपी आंदोलन में हम जेटली जी के साथ काम किए थे। जानें।
पटना, जेएनएन। भाजपा के वरीय नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी दुखी हैं। उन्होंने कहा कि जेपी आंदोलन में हम जेटली जी के साथ काम किए थे। ये बातें लालू यादव ने शनिवार को जेल में मुलाकात करने गए बक्सर के विधायक शंभु नाथ यादव से कहीं। बाद में शंभु नाथ यादव ने मीडिया को बताया। इतना ही नहीं, राजद सुप्रीमो ने ट्वीट कर भी अरुण जेटली के निधन पर शोक जताया है।
राजद सुप्रीमो से रिम्स में मुलाकात के बाद बाहर आए बक्सर विधायक शंभु नाथ यादव ने मीडिया से कहा कि लालू यादव भी अरुण जेटली के निधन से काफी दुखी हैं। लालू ने यह भी बताया कि हम लोग जेपी आंदोलन में अरुण जेटली के साथ काम किए थे। वे बहुत ही नेक दिल इंसान थे। वहीं उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- 'पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता अरुण जेटली जी के असामयिक निधन की खबर बेहद दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'
बता दें कि रांची के रिम्स में इलाजरत लालू यादव से जेल प्रावधान के अनुसार आज नवीनगर के पूर्व विधायक डब्लू सिंह, ब्रह्मपुर बक्सर के विधायक शंभु नाथ यादव और शिवहर से लोकसभा चुनाव में राजद के प्रत्याशी रहे सैयद फैसल अली मिलने पहुंचे। मुलाकात के बाद बाहर पत्रकारों से बात करते हुए औरंगाबाद से आए पूर्व विधायक डब्लू सिंह ने कहा कि लालू का स्वास्थ्य ठीक है। वे बिहार के लिए चिंतित दिख रहे हैं। वहीं शंभु नाथ यादव ने कहा कि तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं है।