कान्हा की नगरी में राधा कुंड की भीड़ देखकर घबराए लालू के लाल तेज प्रताप, फिर किया ऐसा...
लालू के लाल तेज प्रताप यादव ने फिर नया लुक धारण किया है औऱ वो मथुरा-वृंदावन में हैं। गोवर्धन पूजा के दिन तेजप्रताप राधाकुंड पहुंचे लेकिन वहां की भीड़ देखकर घबरा गए।
पटना, जेएनएन। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेजप्रताप यादव अक्सर अपने धार्मिक कार्यक्रमों पर कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन आते-जाते रहते हैं। तेजप्रताप यादव शनिवार को वृंदावन पहुंचे थे, उन्होंने वहीं दिवाली मनायी। उसके बाद सोमवार को उन्हें राधाकुंड के अन्नकूट महोत्सव में शामिल होना था। लेकिन, वहां की भारी भीड़ को देखकर वो एेसे घबराए कि उन्होंने अपना कार्यक्रम ही बदल दिया।
बाद में वे वृंदावन के यमुना तट पर राधा रानी ब्रजयात्रा के पड़ाव स्थल पर पहुंचे और यहां उन्होंने गोवर्धन पूजा और सत्संग किया। तेजप्रताप ने यहां गोवर्धन पूजा के पश्चात परिक्रमा की और जयकारे लगाए। इससे पहले उन्होंने भागवत प्रवक्ता श्रीजी शर्मा द्वारा दिए गए प्रवचनों को सुना।
नए लुक में फिर सुर्खियां बटोर रहे तेजप्रताप यादव
लालू के बड़े लाल तेज प्रताप यादव हमेशा अपने लुक को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। फिर से वो अपने नए लुक को लेकर सुर्खियों में हैं। तेज प्रताप यादव अपने इस नए लुक के साथ ही दिवाली में मथुरा-वृंदावन पहुंचे हैं, जहां उन्होंने गोवर्धन पूजा की। वहां पहुंचकर धनतेरस के दिन से से ही तेज प्रताप ने पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। वे अक्सर मथुरा-वृंदावन जाते रहते हैं।
तेजप्रताप ने ब्रज में ही दीपावली मनायी
मथुरा में तेज प्रताप यादव के साथी लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने बताया कि यह दूसरा मौका है जब तेज प्रताप यादव दिवाली व गोवर्धन पूजा के लिए मथुरा-वृंदावन आए हैं। उन्होंने बीते साल भी दिवाली की पूजा मथुरा में ही की थी। उन्होंने बताया कि भाईदूज और गोवर्धन पूजा करने के बाद अब तेज प्रताप यादव वापस बिहार जाएंगे।
रविवार को तेज प्रताप अपने मित्र पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा व वृंदावनी फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन धनंजय कुमार के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने वृंदावन में भर्ती बीमार श्रद्धालुओं का हाल जाना। ये श्रद्धालु संत रमेश बाबा की ब्रज चौरासी यात्रा के दौरान यमुना का दूषित पानी पीकर बीमार हुए थे।
यमुना की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर बोला हमला
तेज प्रताप ने हॉस्पिटल के अधीक्षक केके गुप्ता को इलाज में लापरवाही न बरतने की बात कही। उन्होंने यमुना की स्थिति पर पीएम मोदी और सीएम योगी को भी घेरा। उन्होंने कहा, यमुना मइया की स्थिति देखकर दिल दुखी है। आज यमुना जी में दिल्ली का दूषित पानी बह रहा है। इसे पीकर श्रद्धालु बीमार हो रहे हैं।
उन्होंने अस्पताल में सभी मरीजों से बातचीत की और सबका हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों से भी बातकर मरीजों की हालत के बारे में जानकारी ली। इस दौरान तेज प्रताप ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस वक्त लोग यमुना का पानी नहीं, दिल्ली का केमिकल पी रहे हैं। यहां के लोगों को साफ-सफाई के नाम पर धोखा दिया जा रहा है। यात्रियों के स्नान और आचमन करने की सही व्यवस्था नहीं है जिससे ही बीमारियां फैल रही हैं।
तेज प्रताप ने कहा कि सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही यमुना पर ध्यान नही दिया गया तो वह रमेश बाबा के यमुना आंदोलन में कूद पड़ेंगे।