नीतीश के सामने मजबूर हो गए हैं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, भाजपा नेता सुशील मोदी ने बताया कारण
Bihar News सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद बिहार की सियासत में गरमाहट आ गई है। विपक्ष को सरकार पर हमले का मौका मिल गया है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को मजबूर पिता बताया है।
पटना, आनलाइन डेस्क। Bihar Politics: बिहार की महागठबंधन सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh's Resignation) इस्तीफे के बाद सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब इसी बहाने भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी (BJP Leader Sushil Kumar Modi) ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद (RJD Supremo Lalu Prasad) पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि लालू यादव अब सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की हर शर्त मानने काे मजबूर हैं क्योंकि उन्हें अपने बेटे तेजस्वी यादव (Deputy CM Tejashwi Yadav) को सीएम बनाना है। अब तो यह भी संभव है कि सीएम के दबाव में राजद के प्रदेश अध्यक्ष भी हट जाएं।
कृषि रोडमैप और मंडी कानून पर विवाद
सुशील मोदी ने ट्वीट किया है कि, कृषि बाजार समिति के मुद्दे पर महागठबंधन में तीखे मदभेद हैं। कृषि रोडमैप और मंडी कानून के मुद्दे पर सुधाकर सिंह और जगदानंद सिंह ने सरकार की आलोचना कर इसे जाहिर भी कर दिया है। राजद कोटे के दो मंत्रियों के इस्तीफे के बाद सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की जल्दबाजी में लालू प्रसाद अभी नीतीश कुमार की हर शर्त मानने को बाध्य हैं। सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद जगदानंद सिंह को भी राजद सुप्रीमो हटा दें या स्वयं उन्हें नैतिकता के आधार पर पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। महागठबंधन में नीतीश कुमार और जगदानंद सिंह एक म्यान के दो तलवारों की तरह हैं जो साथ नहीं रह सकते।
सीएम नीतीश कुमार पर लगातार हमले बोल रहे सुशील मोदी
सुशील मोदी ने कहा है कि राजद के घोषणापत्र में बाजार समिति को फिर से बहाल करने की बात है जबकि नीतीश जी ने इसे समाप्त किया था। विवाद सार्वजनिक है लेकिन लालू यादव मजबूर हैं। बता दें कि इससे पहले सुशील मोदी ने सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला था। उनपर धोखा देने का आरोप भी लगाया। वैसे अब जदयू की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 45 विधायक वाले इस दल के सीएम को लालू प्रसाद जब चाहेंगे हटा देंगे। क्योंकि जिस दल को 115 विधायकों का समर्थन प्राप्त है और स्पीकर भी है तो बाजी कभी भी पलट सकती है।