विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार डस्टबिन घोटाला: ₹29 करोड़ के सामान को ₹305 करोड़ में खरीदा, स्वास्थ्य विभाग पर राजद का गंभीर आरोप

Published: Mon, 07 Sep 2026 07:44 AM (IST)

राजद के सुधाकर सिंह ने बिहार में मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट सामग्री खरीद और दरभंगा आयुर्वेदिक कॉलेज निर्माण में ₹276 करोड़ ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। राजद किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी सामग्री की खरीद में अनियमितता का आरोप लगाया है।

रविवार को प्रेस-वार्ता कर उन्होंने कहा कि निविदा शर्ताें मे संशोधन और बाजार मूल्य से अधिक दर पर हुई खरीद के कारण सरकारी खजाने को 276 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

दरभंगा में आयुर्वेदिक कॉलेज के भवन के निर्माण-कार्य की गुणवत्ता पर भी उन्होंने अंगुली उठाई है। प्रश्न यह कि इसके बावजूद ठेकेदार को भुगतान कैसे हो गया। उन्होंने इन दोनों प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सुधाकर के अनुसार, अप्रैल 2024 से अप्रैल 2026 के बीच बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कारपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआइसीएल) द्वारा जारी 57 आदेशों के जरिये मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित चीजों की खरीद हुई।

जीएसटी सहित 305.53 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ, जबकि वही चीजें बाजार में जीएसटी सहित 29.05 करोड़ रुपये में उपलब्ध हैं। इन आंकड़ों की स्वतंत्र तकनीकी और बाजार जांच होनी चाहिए। निविदा में भाग लेने वाली कंपनियों और उनके बीच संबंधों को लेकर भी उन्होंने प्रश्न किया है।

भवन निर्माण में अनियमितता

सुधाकर ने बताया कि दरभंगा के मोहनपुर स्थित राजकीय महारानी रमेश्वरी भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान के भवन का निर्माण हुआ। पांच दिसंबर, 2024 को आइआइटी पटना की टीम ने निम्न गुणवत्ता की सामग्री, कमजोर कंक्रीट, जंग लगे एवं असमान आकार के सरिया, निर्माण संबंधी कमियां और फाउंडेशन से जुड़ी गंभीर असमानता पाई गई थी।

उसके बाद बीएमएसआइसीएल की ओर से एक जनवरी, 2025 को निर्माण के कुछ हिस्सों को तोड़कर पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। पुनर्निर्माण का खर्च संवेदक द्वारा वहन किया जाना था।

प्रश्न यह कि जब निर्माण घटिया था और उसे तोड़कर दोबारा बनाने का आदेश था, तो भुगतान कैसे हो गया? निर्माण कार्य के संबंध में 29 मार्च, 2025 को भुगतान किया गया।

यह भी पढ़ें- बिहार के राज्यपाल ने CM उमर अब्दुल्ला से की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा; अता हसनैन का कश्मीर से है पुराना नाता