पटना हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश वी नाथ नहीं रहे, सिविल मामले के थे काफी जानकार
पटना हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश वी नाथ नहीं रहेl उनका पारस अस्पताल में गुरुवार को हृदय गति रुक जाने के कारण निधन हो गया। वे बिहार भूमि न्यायाधिकरण के सदस्य भी रह चुके थे।
पटना, राज्य ब्यूरो। पटना हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश वी नाथ नहीं रहेl उनका पारस अस्पताल में गुरुवार को हृदय गति रुक जाने के कारण निधन हो गया। वे बिहार भूमि न्यायाधिकरण के सदस्य भी रह चुके थे। सिविल मामले के वे काफी जानकार थे। उनके निधन से अधिवक्ताओं में शोक की लहर है। अधिवक्ताओं ने न्याय क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
बताया जाता है कि पटना हाईकोर्ट के रिटायर न्यायाधीश वी नाथ कई दिनों से बीमार चल रहे थे तथा बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल में एडमिट कराया गया था। डॉक्टरों ने बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, वी नाथ 20 जून 2011 को वकील से पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश बने थे, जबकि 12 अगस्त 2017 को न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत हुए थे। इसके बाद उन्हें बिहार भूमि न्यायाधिकरण का सदस्य मनोनीत किया गया था।
पूर्व न्यायाधीश नाथ के निधन पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने अफसोस जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पटना हाईकोर्ट में वे सिविल मामले के एक्सपर्ट थे। वे हर मुकदमे की विनम्रता से सुनवाई करते थे l उनके निधन से न्याय व्यवस्था को बेहद क्षति हुई हैl