डेनमार्क से आएंगे रेप्टाइल्स, पटना जू में बनने लगा केज
संजय गांधी जैविक उद्यान में डेनमार्क के क्रोकोडाइल जू से आएंगे कई नए जीव
पटना। संजय गांधी जैविक उद्यान में डेनमार्क के क्रोकोडाइल जू से आने वाले ग्रीन अनाकोंडा, रॉयल पाइथन, राइनो इगुआना और नाइल क्रोकोडाइल के लिए केज का निर्माण प्रारंभ हो गया है। इसपर 1.13 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण सांपघर और बाघ केज के बीच में किया जा रहा है।
डेनमार्क से आने वाले रेप्टाइल्स (सरिसृप) के बदले में संजय गांधी जैविक उद्यान से एक नर और सात मादा घड़ियाल यहां से भेजे जाएंगे। अदला-बदली का कार्य जून माह में पूरा होगा। केज निर्माण की राशि स्वीकृत हो गई है। एक नर और दो मादा ग्रीन अनाकोंडा और एक नर और दो मादा रॉयल पाइथन को रखने के लिए बनने वाले केज पर 67.25 लाख रुपये खर्च होंगे। एक नर और दो मादा राइनो इगुआना का केज 27.74 लाख और एक नर तथा दो मादा नाइल क्रोकोडाइल को रखने के लिए 18.71 लाख रुपये खर्च होंगे।
- मई तक वियतनाम से आ जाएगा दो सिंग वाला गैंडा -
संजय गांधी जैविक उद्यान में वियतनाम से दो सिंग वाला एक जोड़ा गैंडा मई माह तक आ जाएगा। इसके बदले में एक सिंग वाला भारतीय गैंडा दिया जाएगा। वियतनाम से आने वाले गैंडा को रखने के लिए अत्याधुनिक तरीके का केज बनेगा। उसे यहां भी वियतनाम की तरह का ही केज और माहौल दिया जाएगा। दो सिंग वाला गैंडा को रखने के लिए 1.07 करोड़ की लागत से केज का निर्माण किया जा रहा है। स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। वियतनाम से गैंडा लाने के लिए लाइसेंस और परमिट लाने की प्रक्रियाएं पूरी की जा रही है। केज की दीवार अत्याधुनिक होगी। दर्शकों को देखने के लिए शीशे लगाए जाएंगे। विजिटर्स गैलरी का भी निर्माण किया जाएगा।