बिहार बीजेपी के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा , बार-बार चुनाव से विकास कार्य होता है प्रभावित
एक देश एक चुनाव पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव बोले यह सिर्फ चर्चा का विषय नहीं बल्कि राष्ट्र की जरूरत है। देश में कुछ महीनों में कहीं न कहीं चुनाव होते रहते हैं। इससे विकास कार्यों बाधित और खर्च ज्यादा होता है।
पटना, राज्य ब्यूरो । भाजपा की ओर से चुनाव सुधार अभियान के तहत एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर रविवार को वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने बतौर मुख्य वक्ता संबोधित किया।
राजनीतिक दलों की आपसी सहमति से होगा लागू
उन्होंने फिलहाल एक देश-एक चुनाव कानून बनाने की संभावना से इन्कार करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों की आपसी सहमति के बाद ही इसे लागू किया जाएगा। यह सिर्फ चर्चा का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की जरूरत है। देश में कुछ महीनों में कहीं न कहीं चुनाव होते रहते हैं। इससे विकास के कार्यों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है, साथ ही बड़े पैमाने पर खर्च भी होता है। वहीं, एक साथ चुनाव होने से देश और राज्यों के विकास योजनाओं को रफ्तार मिलेगी। बार-बार चुनाव और उसके कारण लगने वाली आचार संहिता से विकास कार्य बाधित नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि पांच वर्षों पर चुनाव होने से लोकतंत्र की जड़ें उतनी ही मजबूत रहेंगी जितनी अभी हैं। 70 वर्षों में देश के मतदाता परिपक्व हो गए हैं। राष्ट्रीय और स्थानीय मुद्दों के हिसाब से वोटिंग करना सीख गए हैं। भूपेंद्र ने उदाहरण देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के समय ही तेलंगाना और ओडिशा में विधानसभा चुनाव हुआ था। लोकसभा के लिए जहां लोगों ने भाजपा को चुना वहीं, विधानसभा के लिए टीआरएस और बीजेडी को जिताने का काम किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख ने किया।