Covid-19 News Update: पूरे देश में इलेक्शन बूथ की तरह ही बनाए जा रहे कोविड वैक्सीनेशन बूथ : अश्विनी चौबे
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्वनी चौबे ने कहा है कि हर बूथ पर रोज कम से कम 100 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका दिया जाएगा। बीजेपी की चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार बिहार में मुफ्त वैक्सीन देने की तैयारी चल रही।
पटना, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्वनी चौबे ने कहा है इलेक्शन बूथ की तरह पूरे देश में वैक्सीनेशन के लिए बूथ बनाए जाएंगे। हर बूथ पर रोज कम से कम 100 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री रविवार ( 13 दिसंबर ) को राजकीय अतिथिशाला में मीडिया से बात कर रहे थे। मंत्री चौबे ने कहा संक्रमण फैलने के बाद से इस बीमारी से निजात के लिए वैक्सीन बनाने का अभियान विश्व स्तर पर चलाया जा रहा है। भारत भी वैक्सीन बना रहा है। हमारी कोशिश है सस्ती से सस्ती वैक्सीन बने ताकि आम से आम व्यक्ति भी इसे सहजता से प्राप्त कर सकें।
युद्धस्तर पर चल रहा कोल्ड चेन का काम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कोरोना वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए बड़ी संख्या में संयंत्रों की जरूरत होगी। केंद्र सरकार की ओर से बिहार को ऐसे तमाम संयंत्र और दूसरी मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए बिहार में कोल्ड चेन को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। वैक्सीन सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों और डॉक्टरों को दी जानी है। इसके बाद इसका डोज कोरोना वारियर्स को दिया जाएगा इसके बाद वैक्सीन के लिए आम आदमी का नंबर आएगा।
बिहार को पहले मिलेंगे सात लाख वॉयल डोज
पहले चरण में बिहार को तकरीबन सात लाख वॉयल डोज दिए जाएंगे। मंत्री चौबे ने कहा कि हमारी पार्टी में चुनाव के दौरान बिहार के लोगों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन देने की घोषणा की थी। जिस पर काम चल रहा है। हमारी कोशिश है की लोगों को यह वैक्सीन मुफ्त मिल सके इसपर काम हो रहा है।
प्रेस कांफ्रेंस में मंत्री ने बंगाल का उदाहरण देकर कहां की बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी संवेदना शून्य हो चुकी हैं। उनके राज्य में हिंसा की राजनीति चल रही है आलम यह है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पर हमला किया गया इससे समझा जा सकता है की पश्चिम बंगाल की आज क्या स्थिति है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री चौबे के साथ सांसद गोपाल जी ठाकुर भी मौजूद रहे।