आरसीपी को स्टील तो पारस को फूड प्रोसेसिंग, बिहार के इन तीन मंत्रियों की भी बदली जिम्मेदारी
बिहार से केंद्र में मंत्रियों की संख्या छह है। इनमें दो नए मंत्री आरसीपी सिंह और पशुपति कुमार पारस हैं। इन दाेनों को अहम मंत्रालय सौंपा गया है। वहीं पूर्व से केंद्र में मंत्री रहे गिरिराज सिंह आरके सिंह एवं अश्विनी चौबे की जिम्मेदारी भी बदली है।

पटना, ऑनलाइन डेस्क। PM Modi Cabinet Ministers केंद्र सरकार में भले बिहार को मनमाफिक हिस्सेदारी नहीं मिली हो लेकिन जिन्हें भी मंत्री बनाया गया है, उन्हें महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं। पहली बार कैबिनेट मंत्री बनाए गए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह (RCP Singh) हों या लोजपा के पशुपति कुमार पारस (Pashupati Kumar Paras)। इनके अलावा पूर्व से केंद्र में बिहार की नुमाइंदगी कर रहे आरके सिंह (RK Singh) को भी प्रमोशन मिला है। गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) और अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Kumar Chaubey )का मंत्रालय बदल दिया गया है।
इस्पात मंत्रालय संभालेंगे आरसीपी सिंह
बता दें कि नीतीश कुमार के काफी करीबी नेता आरसीपी सिंह को केंद्र में इस्पात मंत्री (Ministry of Steel) बनाया गया है। पहले यह जिम्मेदारी धर्मेंद्र प्रधान की थी। उत्तरप्रदेश कैडर के आइएएस अधिकारी रहे आरसीपी सिंह को अब यह अहम मंत्रालय सौंपा गया है। वहीं लोजपा के (पारस गुट) पशुपति कुमार पारस को खाद्य प्रसंस्करण और उद्योग मंत्री (Food Processing and Industries) बनाया गया है। बता दें कि इस विभाग के मंत्री उनके दिवंगत भाई रामविलास पासवान भी रह चुके थे। वर्तमान में नरेंद्र सिंह तोमर के पास इस मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार था। हरसिमरत कौर के इस्तीफे के बाद से वे इस विभाग को संभाल रहे थे।
गिरिराज सिंह को बड़े मंत्रालय की दी गई जिम्मेदारी
अपने बयानों के चलते हमेशा सुर्खियोंं में रहने वाले गिरिराज सिंह को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज (Rural Development and Panchayti Raj) जैसे बड़े मंत्रालय की कमान सौंपी गई है। ये पहले से केंद्र में मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय संभाल रहे थे। उससे पहले ये सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री भी थे।ब्यूरोक्रेट रहे राजकुमार सिंह को मोदी सरकार ने अच्छे कामों का इनाम दिया है। बिहार के आरा से सांसद आरके सिंह अब तक केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। उन्हें कैबिनेट में विद्युत एवं ऊर्जा मंत्रालय दिया गया है।
चौबे को संभालना पड़ेगा दो मंत्रालय के राज्यमंत्री का पद
बात करें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की तो उनका विभाग भी बदल दिया गया है। उन्हें उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के साथ पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। बता दें कि बुधवार को एक समय इस्तीफों का सिलसिला शुरू होने के बाद यह खबर आई कि अश्विनी चौबे ने भी इस्तीफा दे दिया है। हालांकि बाद में यह महज अफवाह निकली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।