पटना में विजयादशमी पर बदला रहेगा ट्रैफिक रूट: 15 प्रमुख सड़कें रहेंगी बंद, सुबह 11 बजे से नो-एंट्री लागू
पटना के गांधी मैदान में 20 अक्टूबर को होने वाले रावणवध कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन ने यातायात प्लान जारी किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
20 अक्टूबर को गांधी मैदान में रावणवध कार्यक्रम।
सुबह 11 बजे से 15 प्रमुख सड़कें बंद रहेंगी।
आपातकालीन वाहनों और पासधारकों को मिलेगी छूट।
जागरण संवाददाता, पटना। विजयादशमी पर 20 अक्टूबर को गांधी मैदान में होने वाले रावणवध कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात प्लान जारी किया है।
सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने, भीड़ छंटने और यातायात सामान्य होने तक प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
आपातकालीन वाहनों और विशेष पासधारकों को छूट मिलेगी। गांधी मैदान जाने वाली 15 प्रमुख सड़कों पर परिचालन को पूर्ण रूप से प्रतिबंध कर दिया गया है।
प्रमुख सड़कें और नो-एंट्री जोन
- भट्टाचार्या चौराहे से उत्तर गांधी मैदान की ओर आवागमन बंद रहेगा।
- डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक मार्ग विशिष्ट व्यक्तियों के लिए आरक्षित रहेगा।
- न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश बंद रहेगा।
- जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क तक केवल आपातकालीन वाहनों को अनुमति मिलेगी।
- आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ गोलंबर, रामगुलाम चौक, ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से - गांधी मैदान की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- आइएमए हाल, होटल पनास और मौर्या होटल के पास की कटिंग से प्रवेश बंद रहेगा।
- अशोक राजपथ पर गोविंद मित्रा रोड मोड़ से कारगिल चौक की ओर परिचालन बंद रहेगा।
- बुद्धमार्ग में कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहा तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले मार्ग बंद रहेंगे।
नो-पार्किंग जोन
गांधी मैदान के अंदर-बाहर की सड़कों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। जेपी गोलंबर से डाकबंगला, डाकबंगला से पटना जंक्शन गोलंबर, रामगुलाम चौक से एग्जीबिशन रोड और जिलाधिकारी आवास से पुलिस लाइन तिराहा तक वाहन, ठेला-खोमचा लगाने पर रोक रहेगी।
वैकल्पिक मार्ग
दोपहर एक बजे से पटना सिटी के वाहन गांधी चौक, भिखना पहाड़ी, मछुआटोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड और सीडीए बिल्डिंग होकर स्टेशन जाएंगे। दानापुर से आने वाले वाहन राजापुर पुल से बोरिंग रोड की ओर मुड़ेंगे। स्टेशन से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहन डाकबंगला, न्यू डाकबंगला, भट्टाचार्या चौराहा और गोरियाटोली होकर निकलेंगे।
पासधारकों की पार्किंग
एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट, ज्ञान भवन, एसबीआइ परिसर, जेपी गंगा पथ, मौर्यालोक, वीरचंद पटेल पथ सर्विस लेन और हार्डिंग रोड में निर्धारित पार्किंग रहेगी। पासधारक वाहन भी कार्यक्रम समाप्त होने और भीड़ छंटने के बाद ही निकल सकेंगे।
अस्पतालों के लिए विशेष रूट
पीएमसीएच के लिए गेट नंबर 5, तारा अस्पताल के लिए गेट नंबर 4 तथा रूबन अस्पताल और एनएमसीएच के लिए गेट नंबर 10 से निर्धारित मार्ग रहेंगे। आईजीआईएमएस के लिए जेपी गोलंबर, डाकबंगला और बेली रोड का रास्ता तय है। गांधी मैदान के गेटों पर डॉक्टर, दवाएं और एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
