मुंगेर के रत्नेश्वर नाथ मंदिर का होगा कायाकल्प, सम्राट सरकार ने पर्यटन सुविधाओं के लिए मंजूर किए 9.95 करोड़
मुंगेर के रत्नेश्वर नाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बिहार सरकार ने 9.95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

सम्राट सरकार ने पर्यटन सुविधाओं के लिए मंजूर किए 9.95 करोड़
HighLights
रत्नेश्वर नाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग ने 9.95 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी।
पहुंच पथ, पार्किंग, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुंगेर जिले के रणगांव स्थित रत्नेश्वर नाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने 9.95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
वर्ष 2026-27 में योजना के पहले चरण में 2.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत पहुंच पथ, पार्किंग, शौचालय, घाट, रोशनी और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
पर्यटन विभाग के अनुसार योजना में मंदिर परिसर के समग्र विकास पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत लैंडस्केपिंग, कैंपस लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा मुख्य द्वार के निर्माण और सौंदर्यीकरण समेत अन्य कार्य प्रस्तावित हैं।
इन सुविधाओं के विकास से मंदिर परिसर को व्यवस्थित करने और वहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। योजना को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम को सौंपी गई है।
बिहार की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ पौराणिक मठ-मंदिरों का सौंदर्यीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। धार्मिक स्थलों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित कर पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। - केदार प्रसाद गुप्ता मंत्री पर्यटन विभाग, बिहार
