पासवान बोले- सुरक्षा नहीं, वोट बैंक खिसकने से परेशान हैं लालू
लोजपा सुप्रीमो राम विलास पासवान ने कहा कि लालू यादव सुरक्षा हटने से नहीं, बल्कि वोटबैंक खिसकन से परेशान हैं। वहीं भ्रष्टाचार के द्योतक हैं।
पटना [राज्य ब्यूरो]। केन्द्रीय मंत्री सह लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने मंगलवार को पार्टी के 18 वें स्थापना दिवस पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष सुरक्षा हटने नहीं बल्कि वोटबैंक खिसकने से परेशान हैं। लालू को कहते शर्म नहीं आती है कि नीतीश को उनके चलते ही सीट मिली। ऐसा है तो सुरक्षा हटने पर क्यों रो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुशासन के प्रतीक हैं और लालू भ्रष्टाचार के द्योतक। आए दिन कोर्ट में पेश होते रहते हैं। लालू ने सुपुत्र को कैसा संस्कार दिया, जो प्रधानमंत्री की खाल खींचने की बात करते हैं। वह दिन दूर नहीं जब लालू जी खाल खींच लेने की बात कहें। लालू भ्रष्टाचार रूपी दीमक हैं। वो विकास की बात कर ही नहीं सकते।
प्रदेश में जदयू- राजद- कांग्रेस की सरकार बनने के समय हमने कह दिया था कि ज्यादा दिन तक सरकार नहीं चल सकती है। डेढ़ साल के बाद ही महागठबंधन की सरकार गिर गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से तरक्की कर रहा है। विश्व में भारत की इज्जत बढ़ी है। नोटबंदी के कारण कालाधन खत्म और आतंकवाद पर अंकुश लगा है। जीएसटी लागू होने से आम लोगों को फायदा हुआ है।
पासवान ने कहा कि लोजपा गरीबों के अधिकार, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के लिए संघर्ष करती रहेगी। 10 फरवरी को दलित सेना और 14 अप्रैल को युवा लोजपा का राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होगा।
संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की शक्ति हैं। जब आधा बिहार बाढ़ का कहर झेल रहा था, उस समय लालू प्रसाद गांधी मैदान में रैली करने में मग्न थे। सुरक्षा में कमी होने से लालू और उनके परिवार के सदस्यों को विचलित होने की जरूरत नहीं है क्योंकि असामाजिक तत्वों में अधिकांश उनकी ही पार्टी में है। युवा बिहार की ताकत हैं। उनको नौकरी मांगने नहीं नौकरी देने वाला बनना चाहिए। उन्होंने युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय युवा आयोग के गठन की मांग की।