रात के अंधेरे में ठाकुरबाड़ी का ताला तोड़ चुराईं राम, सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु मूर्तियां, पुलिस ने शुरू की जांच
पालीगंज के करकट बिगहा गांव स्थित ठाकुरबाड़ी से सोमवार देर रात भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हो गईं।

राम, सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु मूर्तियां
HighLights
पालीगंज के ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हुईं।
भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां गायब।
पुलिस ने जांच शुरू की, चोरों की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, पालीगंज। महाबलीपुर ओपी क्षेत्र के करकट बिगहा गांव स्थित ठाकुरबाड़ी से सोमवार की देर रात अज्ञात चोर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु से निर्मित मूर्तियां चोरी कर फरार हो गए।
मंगलवार की सुबह ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे ग्रामीणों की नजर जब मूर्तियों पर पड़ी तो वहां से तीनों मूर्तियां गायब थीं। इसके बाद चोरी की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण ठाकुरबाड़ी के पास जुट गए।
रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मूर्तियों की चोरी
ग्रामीणों के अनुसार, ठाकुरबाड़ी में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां स्थापित थी। सोमवार की रात तक मंदिर में सभी मूर्तियां मौजूद थीं। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ठाकुरबाड़ी में प्रवेश किया और तीनों मूर्तियां चोरी कर लीं।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ धार्मिक आस्था से जुड़ी इस चोरी को लेकर चिंता भी है। घटना की सूचना मिलते ही महाबलीपुर ओपी प्रभारी दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ठाकुरबाड़ी और उसके आसपास के इलाके का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई
पुलिस टीम ने चोरों के संभावित आने-जाने वाले रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की। ओपी प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मूर्तियां बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- 17 सितंबर को गंगा में छलांग लगाने पहुंची थी पटना की महिला, थानेदार ने बचाया; पांचवें दिन घर में दे दी जान
