'कौन हैं प्रशांत किशोर? वही जो चुनाव में हार गए', रामकृपाल यादव का तंज; MLC चुनाव पर भी भविष्णवाणी
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने विधान परिषद की आठ सीटों पर NDA की जीत का दावा किया है। ...और पढ़ें
HighLights
रामकृपाल यादव ने NDA की जीत का दावा किया।
प्रशांत किशोर को पहचानने से इनकार कर कटाक्ष किया।
NDA की एकजुटता को चट्टान जैसी मजबूत बताया।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि एनडीए की तैयारी जबरदस्त है और सभी प्रत्याशी भारी मतों से जीतेंगे। इस दौरान उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए उन्हें पहचानने से भी इनकार कर दिया।
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रामकृपाल यादव ने कहा, 'नीरज हों या नवल, सभी भारी मतों से जीतेंगे। ये सब हारने वाले थोड़े हैं।' उन्होंने एनडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि गठबंधन की एकता चट्टान जैसी मजबूत है।
उन्होंने जदयू में किसी तरह की गड़बड़ी से भी इनकार किया और कहा कि विपक्ष के बयान देने से कुछ नहीं होता।
प्रशांत किशोर पर कटाक्ष, पूछा- कौन हैं?
प्रशांत किशोर की ओर से चुनाव में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोपों से जुड़े सवाल पर रामकृपाल यादव ने कटाक्ष किया। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, 'कौन हैं प्रशांत किशोर? अच्छा, वही जो चुनाव में हार गए।'
जब उनसे कहा गया कि प्रशांत किशोर तो चुनाव में जीते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि उनकी पार्टी सब। इसके बाद पूछा कि उनका उम्मीदवार कहां है। प्रत्याशी होने की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी, 'ओह, अच्छा-अच्छा।'
रामकृपाल यादव ने कहा कि उन्हें तो यह भी जानकारी नहीं है कि जन सुराज का कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और एनडीए के प्रत्याशी जीतेंगे।
NDA की एकता को बताया चट्टान जैसी मजबूत
विधान परिषद चुनाव के बीच एनडीए में एकजुटता को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि गठबंधन की एकता चट्टान जैसी है।
उन्होंने जदयू में सबकुछ ठीक होने की बात भी कही। उनके अनुसार, विरोधियों के बयान देने से गठबंधन की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ता।
प्रधानमंत्री के दौरे से बिहार को उम्मीदें
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार आगमन को लेकर पूछे गए सवाल पर रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के आने पर बिहार के कोने-कोने से लोग पहुंचेंगे।
बिहार को क्या मिलेगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य को हमेशा लाभ मिला है और आगे भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार बिहार के विकास के लिए मिलकर प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार, बिहार में विकास हुआ है और राज्य आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसके गवाह सभी लोग हैं।
