यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आप महिला यात्री हैं तो बेफ्रिक कीजिए रेल यात्रा, जानिए क्या मिलेगी सुविधा
भारतीय रेल ने सभी एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों के स्लीपर व एसी कोच में छह सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित करने का निर्देश दिया है। इससे अब महिला यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

पटना [जेएनएन]। रेलवे बोर्ड ने सभी रेल जोन को अधिसूचना जारी करते हुए कहा कि ट्रेन में अकेले सफर कर रही महिला यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर खाली बर्थ उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड के निर्देश के बाद महिलाओं के लिए बर्थ कोटा लागू भी कर दिया गया है।
अब महिला रेल यात्री सफर के दौरान असुरक्षित महसूस नहीं करें और आराम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसको लेकर भारतीय रेल की सभी एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों के स्लीपर व एसी कोच में छह सीटें सुरक्षित की गयी हैं।किन्हें मिलेगा लाभ
एक पीएनआर नंबर पर अकेली महिला सफर कर रही है या फिर समूह में सिर्फ महिलाएं हैं, तो इन महिलाओं को कोटा का लाभ मिलेगा। वहीं, एक पीएनआर पर महिला यात्रियों के साथ-साथ पुरुष यात्री सफर कर रहे हैं, तो उन्हें कोटा का लाभ नहीं मिलेगा।
इतना ही नहीं, पहले चार्ट के तैयार होने तक महिला कोटे का बर्थ खाली है, तो वेटिंग लिस्ट वाली उन महिलाओं को दी जायेगी, जो अकेले सफर कर रही होंगी। वहीं, महिलाओं के लिए सुरक्षित बर्थ खाली रहने पर अगली प्राथमिकता वरिष्ठ नागरिकों को दी जायेगी।
इसके साथ ही गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग यात्रियों के लिए भी स्लीपर व एसी कोच में छह लोअर सीट सुरक्षित किया गया है, ताकि उन्हें सफर के दौरान कोई परेशानी नहीं हो।
कहा-सीपीआरओ, पूर्व मध्य रेल ने
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आरक्षण टिकट सिस्टम को अपग्रेड कर लिया गया है। अकेले सफर कर रही महिला यात्रियों के लिए स्लीपर व एसी कोच में छह बर्थ सुरक्षित रखे जा रहे हैं और प्राथमिकता के आधार पर उन्हें बर्थ दी जा रही है।
राजेश कुमार, सीपीआरओ, पूर्व मध्य रेल