छठ के बाद वापसी का इंतजाम, दानापुर रेल मंडल चलाएगा 182 स्पेशल ट्रेनें; 12 स्टेशनों पर मिलेंगी स्पेशल फैसिलिटी
रेलवे ने छठ महापर्व के बाद यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं। दानापुर रेल मंडल ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छठ के बाद यात्रियों के लिए 182 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
दानापुर मंडल में 16 से 25 नवंबर तक सेवाएं उपलब्ध।
प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं और सहायता।
जागरण संवाददाता, पटना। छठ महापर्व के बाद दूसरे राज्यों को लौटने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष तैयारी की है। दानापुर रेल मंडल से 16 से 25 नवंबर के बीच देश के विभिन्न हिस्सों के लिए 182 स्पेशल ट्रेनें अधिसूचित की गई हैं।
इसके साथ ही पटना, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र, दानापुर और आरा समेत 12 प्रमुख स्टेशनों पर 32 हजार वर्गफीट में होल्डिंग एरिया विकसित किए गए हैं।
यहां यात्रियों के लिए पेयजल, टिकटिंग, प्राथमिक चिकित्सा और सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए पेयजल, 'मे आई हेल्प यू ' सहायता केंद्र, प्राथमिक चिकित्सा, टिकटिंग तथा ट्रेनों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों की सुविधा एवं रेल परिचालन की सतत निगरानी के लिए स्टेशन स्तर, मंडल नियंत्रण कक्ष तथा मुख्यालय स्तर पर विशेष वार रूम स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित निर्णय एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों की चौबीसों घंटे राउंड-द-क्लाक ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल एवं टिकट जांच कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ टिकट संबंधी अनियमितताओं पर भी नियंत्रण रखा जा सके।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार विशेष ट्रेनों का परिचालन तथा मांग के अनुरूप ट्रेनों की व्यवस्था करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
यात्रियों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रेलवे की हेल्पलाइन संख्या 139 एवं रेल मदद पोर्टल के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके अतिरिक्त, स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात प्रबंधन की विशेष योजना बनाई गई है, ताकि वाहनों का आवागमन व्यवस्थित रहे तथा यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश एवं निकास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सभी यात्रियों से अपील है कि वे सुरक्षित यात्रा करें, धक्का-मुक्की नहीं करें और किसी भी मदद के लिए पास के रेलवे कर्मचारी से संपर्क करें तथा अपनी यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें तथा ट्रेनों की अधतन स्थिति जानने के लिए एनटीईएस या रेलवन एप का उपयोग करें। -अभिनव सिद्धार्थ, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।