रेल मंत्री ने कहा, नेपाल तक जाएंगी भारत की ट्रेनें, विदेश मंत्रालय से चल रही बात
केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु शुक्रवार की सुबह स्पेशल ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे। कहा कि बिहार में रेल को और विकसित किया जाएगा। नेपाल तक ट्रेन सेवा विकसित की जाएगी।
पटना [वेब डेस्क]। केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु शुक्रवार की सुबह स्पेशल ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे। वहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में रेल की व्यवस्था को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में बिहार में रेल को और विकसित किया जाएगा। कहा कि पड़ोसी देश नेपाल हमारा जुड़वा भाई है। वहां तक ट्रेन सेवा शुरु करने को लेकर विदेश मंत्रालय से बात चल रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार से होकर चलने वाली ट्रेनों में स्पेस की कमी है और उसे दूर किया जा रहा है। ट्रैक को डबलिंग ट्रिपलिंग किया जा रहा है। यहां 40 हजार करोड़ की लागत से दो फैक्ट्रियां खोली जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए चार ट्रेन अंत्योदय, उदय, हमसफर चलाई जाएंगी और ट्रेनों में दो अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। लंबे समय से चल रहीं परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेल अधिकारियों व भाजपा नेताओं ने रेल मंत्री का स्वागत किया। वे मोतिहारी में आयोजित विकास पर्व कार्यक्रम शामिल होने जाने के क्रम में यहां रुके थे।
इसके बाद केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु मोतिहारी के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने रिमोट के जरिए नई साप्ताहिक ट्रेन का शुभारंभ किया। साथ ही कई नवनिर्मित आरओबी तथा क्रॉसिंग स्टेशन में परिवर्तित पिपराहां स्टेशन का लोकार्पण किया। वहीं से उन्होंने बनमखी-पूर्णिया रेलखंड पर आमान परिर्वतन का भी उद्घाटन किया।