राहुल फिर 26 से संभालेंगे बिहार में मोर्चा
राहुल गांधी 26 को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वे 26 अक्टूबर को गोविंदगंज, वाल्मीकि नगर और इसके बाद रीगा में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। इसके बाद चौथे चरण के मतदान के पूर्व वे एक बार पुन बिहार में होंगे।
पटना। दुर्गा पूजा के तत्काल बाद कांग्रेस तीसरे और चौथे चरण के मतदान में एक बार फिर अपनी पूरी ताकत लगाने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अगले दो चरणों के चुनाव में भी राहुल गांधी की मदद से विरोधियों पर जोरदार हमला करेगी। एआइसीसी ने बिहार चुनाव के मद्देनजर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की छह सभाओं पर सहमति प्रदान कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी 26 को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वे 26 अक्टूबर को गोविंदगंज, वाल्मीकि नगर और इसके बाद रीगा में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। इसके बाद चौथे चरण के मतदान के पूर्व वे एक बार पुन बिहार में होंगे। 29 अक्टूबर को राहुल गांधी बेनीपट्टी, प्राणपुर और इसके बाद किशनगंज में चुनावी सभाएं करेंगे।
कांग्रेस से मिली जानकारी के मुताबिक पांचवें चरण के मतदान के पूर्व सोनिया गांधी के भी बिहार आने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि अबतक महागठबंधन के नेताओं के बीच साझा चुनाव प्रचार का कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। इसके पीछे पार्टी का तर्क है कि अलग-अलग सभाएं होने से ज्यादा से ज्यादा पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभाएं हो पा रही हैं। मतभेद के सवाल पर पार्टी के प्रवक्ता एचके वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की बातें बेबुनियाद हैं। ऐसा नहीं है कि महागठबंधन के नेता नीतीश कुमार सिर्फ जेडीयू प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। नीतीश कुमार और लालू प्रसाद तथा कांग्रेस के स्टार प्रचारक भी महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।