राहुल-तेजस्वी एक साथ आए पटना, क्या फ्लाइट में भी पकी महागठबंधन की खिचड़ी!
जन आकांक्षा रैली में भाग लेने के राहुल-तेजस्वी एक साथ दिल्ली से पटना आए। उनकी फ्लाइट एक ही थी।
पटना [जागरण टीम]। पटना में होनेवाली जन आकांक्षा रैली में भाग लेने के राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक साथ आए। दोनों एक ही फ्लाइट से दिल्ली से चले। ऐसे में चर्चा है कि क्या फ्लाइट में भी महागठबंधन की खिचड़ी पकी। दोनों नेता गांधी मैदान भी एक साथ पहुंचे। तेजस्वी ने अपसे संबोधन में राहुल को प्रधानमंत्री बनने के योग्य भी बताया।
जन आकांक्षा रैली में भाग लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिन 12.30 बजे के करीब पटना पहुंचे। उनके मंच पर आ जाने के बाद महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं- शरद यादव, तेजस्वी यादव, जीतन राम मांझी, मुकेश सहनी आदि ने संबोधित कर रहे हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीरा कुमार का संबोधन भी राहुल गांधी के आने के बाद होगा। राहुल गांधी करीब 3.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
रैली के बहाने कांग्रेस दिखाएगी अपनी ताकत
1989 से लेकर अबतक आठ लोकसभा और सात विधानसभा चुनावों में अधिकांश समय राजद के साथ चुनाव लडऩे वाली कांग्रेस रविवार को गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली के बहाने अपनी ताकत दिखा रही है। पार्टी राजनीति में अपना खोया मुकाम वापस लाने को तत्पर है। तीन राज्यों में पिछले दिनों सरकार बना लेने से कांग्रेसियों में नया जोश है, इसका भी एहसास कराया जाएगा।
चार साल पहले भी आए थे राहुल
रविवार को जब राहुल गांधी मंच पर आए तो बिहार के नेताओं के साथ-साथ राजस्थान, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। राजद, रालोसपा, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा, वाम दल एवं विकासशील इनसान पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद थे। चार साल पूर्व राहुल गांधी इसी गांधी मैदान में महागठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आए थे। तब नीतीश कुमार भी महागठबंधन का हिस्सा थे। परन्तु, इस बार राहुल गांधी के निशाने पर भाजपा के अलावा नीतीश कुमार भी होंगे।
पोस्टरों से पट गया है पटना
नतीजे में राहुल गांधी के पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग से राजधानी रैली से एक दिन पहले ही पट गई। पार्टी सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी अपने संबोधन में बिहार के लिए विशेष कुछ घोषणाएं भी कर सकते हैं, जिसे पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। तीस साल पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री एवं राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने गांधी मैदान में कांग्रेस की अकेले अपने बूते रैली की थी। तब उन्होंने प्रधानमंत्री की हैसियत से बिहार के लिए 5700 करोड़ के विशेष पैकेज की घोषणा की थी।