29 जून की डेडलाइन से पहले राबड़ी आवास खाली करने की तैयारी तेज, पैकिंग शुरू; हटाए गए CCTV कैमरे
राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है, 29 जून की समय सीमा से पहले सीसीटीवी हटाए गए और सामान की पैकिंग शुरू हो गई है। लालू परिवार अब 39 हार्डिंग रोड स्थित नए आवास में शिफ्ट होगा।

पैकिंग शुरू, हटाए गए सीसीटीवी कैमरे
HighLights
29 जून तक राबड़ी देवी का आवास खाली होगा।
सीसीटीवी कैमरे हटाए गए, सामान की पैकिंग शुरू हुई।
लालू यादव के लिए नए आवास में विशेष व्यवस्था।
डिजिटल डेस्क, पटना। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सरकार की ओर से 29 जून तक बंगला खाली करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है। इसी बीच आवास से सीसीटीवी कैमरे हटाए जाने और सामान की पैकिंग शुरू होने से शिफ्टिंग की तैयारियां तेज होती दिख रही हैं।
पैकिंग शुरू, हटाए गए सीसीटीवी कैमरे
शुक्रवार को आवास के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को खोल दिया गया। वहीं ऑटो से कार्टन मंगाकर सामान पैक करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई।
इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि लंबे समय से चल रही आवास खाली करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

नए सरकारी आवास को अंतिम रूप
39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में मरम्मत और पेंटिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है।
लालू-राबड़ी परिवार कब तक नए बंगले में शिफ्ट होगा, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बंगले का रंग बना चर्चा का विषय
नए आवास की पेंटिंग पूरी तरह बदल दी गई है। पहले भगवा रंग में दिखने वाला बंगला अब हरे रंग में नजर आ रहा है।
चूंकि हरा रंग राष्ट्रीय जनता दल की राजनीतिक पहचान से जुड़ा माना जाता है, इसलिए इसे लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है।

सरकार का अंतिम नोटिस और चेतावनी
भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को जारी नोटिस में सात दिनों के भीतर यानी 29 जून तक आवास खाली करने का निर्देश दिया है।
विभाग का कहना है कि इससे पहले भी कई बार नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक बंगला खाली नहीं किया गया है। तय समय सीमा के बाद बिहार सरकारी परिसर अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नए आवंटी को नहीं मिल पाया कब्जा
सरकार 10 सर्कुलर रोड स्थित इस आवास का आवंटन पहले ही नंदकिशोर राम के नाम कर चुकी है। लेकिन बंगला खाली नहीं होने के कारण अब तक नए आवंटी को इसका कब्जा नहीं मिल सका है। इसी वजह से विभाग लगातार आवास खाली कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।
स्वास्थ्य कारणों से मांगा गया था अतिरिक्त समय
राबड़ी देवी ने सरकार को भेजे पत्र में बताया था कि लालू प्रसाद यादव कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।
डॉक्टरों ने उन्हें संक्रमण, पेंट और रासायनिक गंध से बचाने की सलाह दी है। साथ ही सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में भी उन्हें परेशानी होती है।
लालू यादव के लिए विशेष व्यवस्था
इन स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए नए आवास के ग्राउंड फ्लोर पर लालू प्रसाद यादव के लिए विशेष कमरा तैयार किया जा रहा है।
डॉक्टरों की सलाह के अनुसार संक्रमण से बचाव के लिए अलग रहने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कम किया जा सके।
बड़ा और सुविधाओं से लैस है नया बंगला
39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में आठ बड़े कमरे और तीन बालकनी हैं। ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल को जोड़ने के लिए अंदर और बाहर दोनों तरफ सीढ़ियों की व्यवस्था की गई है।
यह बिहार के मंत्रियों को मिलने वाले सबसे बड़े सरकारी आवासों में दूसरा सबसे बड़ा बंगला माना जाता है।
दो दशक बाद बदलेगा लालू परिवार का पता
राबड़ी देवी को वर्ष 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास आवंटित किया गया था। करीब 20 वर्षों से लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव इसी बंगले में रह रहे हैं।
अब 29 जून की समयसीमा के बीच परिवार के नए सरकारी आवास में शिफ्ट होने की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंचती नजर आ रही हैं।
यह भी पढ़ें- राबड़ी का बंगला, लालू की सेहत और 29 जून की डेडलाइन; आखिर क्या होगा अगला कदम?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।