राबड़ी देवी के बोल: भाजपा दफ्तर में बैठे देशभर के आतंकी
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भाजपा दफ्तर को आंतंकियों का गढ़ बताया है। क्या है मामला, जानिए।
पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राबड़ी देवी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अररिया के आतंकियों का गढ़ बनने के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के आतंकवादी भाजपा दफ्तर में बैठे हैं। भाजपा नेता को हिदायत देते हुए राबड़ी ने कहा है कि वह अपनी वाणी को वश में रखें और अररिया की जनता से माफी मांगें, वरना 2019 में देशभर से साफ हो जाएंगे।
विदित हो कि उपचुनाव में अररिया लोकसभा सीट पर राजद प्रत्याशी सरफराज आलम की जीत के बाद गिरिराज ने अररिया को पूरे देश के लिए खतरा बताया है। गिरिराज ने कहा है कि यह सीमावर्ती इलाका न केवल बंगाल और नेपाल से जुड़ा है बल्कि अररिया अब आतंकियों का गढ़ बनने की ओर है। राबड़ी ने कहा कि उपचुनाव में बिहार एवं यूपी की जनता ने भाजपा को जवाब दे दिया है। इसलिए गिरिराज बौखलाए हुए हैं।
उपचुनाव के नतीजे पर राबड़ी ने कहा कि साबित हो गया है कि नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव में लालू यादव की वजह से जीत मिली थी। नीतीश को राबड़ी ने आत्ममंथन की सलाह भी दी है।