सांसद रमा देवी के मामले में घिर गए आजम खान, अब राबड़ी-मायावती का हमला
बिहार की भाजपा सांसद पर दिए गए विवादित बयान को लेकर सपा सांसद आजम खान घिर गए हैं। शुक्रवार को भी यह मुद्दा छाया हुआ है। इसे लेकर अब मायावती-राबड़ी ने आजम खान पर हमला किया है।
पटना, जेएनएन। बिहार की शिवहर सांसद रमा देवी पर विवादित बयान देने के बाद सपा सांसद आजम खान चौतरफा घिर गए हैं। शुक्रवार को यह मुद्दा बिहार से लेकर दिल्ली तक छाया हुआ है। शिवहर की भाजपा सांसद रमा देवी ने साफ कहा कि आजम खान ने गलत बयान दिया है और उन्हें माफी मांगनी होगी। वहीं इस मामले पर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी हमला किया है।
इसी बीच शुक्रवार को भाजपा सांसद रमा देवी ने कहा कि यदि आजम खान माफी नहीं मांगते हैं तो लोकसभा न आएं। उन्होंने कहा कि मैं लोकसभा अध्यक्ष से इस मामले पर इंसाफ की गुहार लगाई हूं, अब लोकसभा अध्यक्ष जो कार्रवार्र करें। बता दें कि गुरुवार को लोकसभा में कार्रवाई के दौरान आजम खान ने रमा देवी को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके बाद से सियासत गरम है।
इधर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि पूरे देश भर में कोई नेता हो, उन्हें महिला पर विवादित बयान देने का कोई अधिकार नहीं है। नेताओं को किसी भी महिला को लेकर टिका-टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। वहीं इसे लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी ट्वीट कर आजम खान पर कड़ा हमला किया है। मायावती ने शुक्रवार को किए गए ट्वीट में लिखा- 'यूपी से सपा सांसद आजम खान द्वारा कल लोकसभा में पीठासीन महिला के खिलाफ जिस प्रकार की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह महिला गरिमा व सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है तथा अति-निन्दनीय है। इसके लिए उन्हें संसद में ही नहीं, बल्कि समस्त महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।'
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप