पीयू की छात्रा से साइंस कॉलेज में छेड़खानी
बुधवार की दोपहर दो बदमाशों ने पटना विश्वविद्यालय की एक छात्रा से साइंस कॉलेज में छेड़खानी कर दी गई।
पटना : बुधवार की दोपहर दो बदमाशों ने पटना विश्वविद्यालय की एक छात्रा से साइंस कॉलेज में छेड़खानी कर दी, जिसके बाद सभी छात्र आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर पीरबहोर थानाध्यक्ष मो. गुलाम सरवर और टीओपी प्रभारी आरके यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक लफंगे फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
पटना कॉलेज में था लॉ की परीक्षा का सेंटर
विवि के छात्रों ने बताया कि पटना कॉलेज में लॉ की परीक्षा का सेंटर था। इसकी वजह से विभिन्न कॉलेजों से छात्र-छात्राएं परीक्षा देने आए थे। अनजान चेहरों के बीच कुछ असामाजिक तत्व घुस गए। दोपहर में परीक्षा समाप्त होने के बाद एकाएक छात्र-छात्राओं का हुजूम बाहर निकला। इस बीच विवि की कुछ छात्राएं पटना कॉलेज से अंदर के रास्ते साइंस कॉलेज जा रही थीं। तभी दो लड़के पीछे से आए और उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने लगे।
छात्रा अकेली थी, पर उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने एक लफंगे की शर्ट का कॉलर पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। काफी देर तक किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। इस बीच लफंगों के साथ उसकी हाथापाई भी हुई। हालांकि कुछ ही देर बाद चार-पांच लड़कियां भी वहां पहुंच गई। उनमें से दो लड़की दौड़कर मैदान के पास गई और भीड़ को बुलाया। खुद को घिरता देखकर दो बदमाश फरार हो गए। कॉलेज के छात्रों की मानें तो दोनों बदमाश स्थानीय थे। उन्हें कई बार पटना कॉलेज के ग्राउंड में खेलते देखा गया है। छेड़खानी को लेकर प्रॉक्टर ने देर शाम पुलिस को तहरीर दी।
इधर, घटना की सूचना पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एसएसपी मनु महाराज ने कुलपति रासबिहारी प्रसाद से फोन पर बात की और आवश्यक कार्रवाई के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। वहीं पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष अंशुमान ने विवि प्रशासन पर निशाना साधा। कहा कि बाहरी लड़कों को बेरोकटोक कॉलेज परिसर में प्रवेश करने दिया जाता है। इसके कारण कई बार बड़ी घटनाएं होने से बच गई हैं। छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। अंशुमान ने आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।