छह माह से दूषित पेयजल आपूर्ति के विरोध में प्रदर्शन
छह माह से दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों ने किया हंगामा
पटना सिटी। वार्ड संख्या 65 के सोनार टोली मोहल्ले में छह माह से दूषित पेयजल आपूर्ति किए जाने के विरोध में रविवार को नागरिकों का आक्रोश फूटा। आक्रोशित नागरिकों ने सिघी दालान स्थित वार्ड पार्षद के आवास पहुंच कर घेराव तथा प्रदर्शन किया। नागरिकों का आरोप था कि दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत किए जाने के बावजूद जल पर्षद की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
प्रदर्शन कर रहे सोनार टोली मोहल्लेवासियों का कहना था कि पिछले छह माह से घरों में गंदा पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। जगह-जगह पाइप फटी हुई है उसे ठीक नहीं किया जाता है। दूषित पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल पर्षद के अधिकारियों के पास कई बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सोनार टोली मोहल्ला के आक्रोशित नागरिक रविवार को दोपहर सिघी दालान स्थित वार्ड पार्षद तरूणा राय के कार्यालय का घेराव कर समस्या समाधान के लिए प्रदर्शन करने लगे।
पार्षद प्रतिनिधि राजेश राय ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जल पर्षद को सूचना देने के बावजूद समस्या समाधान के प्रति उदासीन है। नयी पाइप लाइन विस्तार का टेंडर हो चुका है। लॉकडाउन के कारण काम नहीं शुरू हो सका है। जल्द ही पाइप लाइन का विस्तार किए जाने की योजना मूर्तरूप लेगी। प्रदर्शनकारियों में दीपू कुमार, राजेश कुमार, रवि कुमार, संगीता देवी, तेतरी देवी, नवल किशोर सिन्हा समेत अन्य ने कहा कि समस्या का समाधान जल्द नहीं होने पर दूषित पेयजल से मोहल्ले में बीमारी फैल सकती है।
- - - - - - - - - - - -