विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रशांत किशोर समेत आठ को पटना हाई कोर्ट से राहत नहीं, केस डायरी तलब; ट्रायल कोर्ट के संज्ञान को चुनौती

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:04 PM (IST)

पटना हाई कोर्ट ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को कथित दंगा और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में फिलहाल कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए केस डायरी तलब की है।

पटना हाई कोर्ट

पटना हाई कोर्ट

HighLights

  1. प्रशांत किशोर समेत आठ को अंतरिम राहत से इनकार।

  2. पटना हाई कोर्ट ने मामले की केस डायरी तलब की।

  3. ट्रायल कोर्ट के संज्ञान को दी गई थी चुनौती।

विधि संवाददाता, पटना। पटना हाई कोर्ट ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर समेत आठ लोगों को कथित दंगा, विधि विरुद्ध जमावड़ा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और निषेधाज्ञा उल्लंघन के मामले में फिलहाल कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है।

कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान केस डायरी तलब की है। न्यायाधीश प्रवीण कुमार की एकलपीठ ने ट्रायल कोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान को निरस्त करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए अंतरिम आदेश पारित करने से इनकार किया।

प्रशांत किशोर समेत आठ ने हाई कोर्ट में दी है चुनौती

इस मामले में प्रशांत किशोर के अलावा मनोज कुमार भारती, विवेक कुमार, नरेंद्र प्रसाद मंडल, किशोर कुमार, अरविंद कुमार सिंह, ललन यादव और त्रिपुरारी कुमार तिवारी ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। सभी ने ट्रायल कोर्ट द्वारा उनके खिलाफ लिए गए संज्ञान को निरस्त करने की मांग की है।

सचिवालय थाना कांड संख्या 154/2025 से जुड़ा है मामला

मामला सचिवालय थाना कांड संख्या 154/2025 से संबंधित है। इस मामले में 23 जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पटना के एसीजेएम-द्वितीय की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190, 132 और 223 के तहत आरोपों का संज्ञान लिया था।

सरकार ने राहत देने का किया विरोध

राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता एसडी संजय ने अदालत में आरोपों को सही ठहराते हुए याचिकाकर्ताओं को कोई राहत नहीं देने का अनुरोध किया। वहीं, याचिकाकर्ताओं की ओर से वरीय अधिवक्ता वाईवी गिरि ने पक्ष रखा।

याचिकाकर्ताओं ने प्राथमिकी को बताया झूठा

याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि बिना समुचित विचार किए उनके खिलाफ यांत्रिक तरीके से झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने ट्रायल कोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान को निरस्त करने की मांग की। हालांकि, हाई कोर्ट ने फिलहाल अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए केस डायरी तलब की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।