विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में एक करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, मुर्गी फार्म से हथियार बरामद; दूसरे राज्यों से जुड़ा नेटवर्क

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:20 PM (IST)

पटना पुलिस ने फुलवारीशरीफ में एक करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके घर ...और पढ़ें

हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

HighLights

  1. 1.776 किलोग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार।

  2. आरोपित के घर, मुर्गी फार्म से हथियार बरामद।

  3. मादक पदार्थ तस्करी का अंतरराज्यीय नेटवर्क उजागर।

जागरण संवाददाता, पटना। फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस ने उसके घर और मुर्गी फार्म से 1.776 किलोग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, एक मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक पाश मशीन, एक एयरगन और एक टूटी हुई एयरगन बरामद की है। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी दी

पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आकिब खान उर्फ मो. साकिब खान (32) के रूप में हुई है। वह फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के नया टोला पठान टोली, वार्ड संख्या 24 का निवासी है। मंगलवार को सेंट्रल एसपी चंद्रप्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि बीते सोमवार को गुप्त सूचना मिली थी कि फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र की मिल्लत कालोनी में एक व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है। फुलवारीशरीफ एएसपी-1 के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल जब मिल्लत कॉलोनी के पास पहुंचा तो पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपित फुलवारीशरीफ के नया टोला पठान टोली निवासी आकिब खान उर्फ मो. साकिब खान है। इसके बाद आरोपित की निशानदेही पर उसके घर और फार्म हाउस की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मादक पदार्थ और हथियार बरामद किए गए।

दूसरे राज्यों से पटना लाकर की जाती थी सप्लाई

सेंट्रल एसपी ने बताया कि मादक पदार्थ अलग-अलग राज्यों से लाकर पटना में सप्लाई किए जाते थे। तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो पूर्व में आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। 

हेरोइन को कभी ट्रेन से तो कभी सड़क मार्ग से पटना लाया जाता था। इसके बाद शहर में अलग-अलग लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस को उन लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिन्हें पटना में मादक पदार्थ पहुंचाया जाता था। दूसरे राज्यों के कुछ लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही गई है। इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

अवैध धंधे में लोगों को डराने के लिए हथियार का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार, बरामद देशी पिस्टल और अन्य हथियारों का इस्तेमाल आरोपित अपने अवैध कारोबार में लोगों को डराने के लिए करता था। छापामारी में एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, एक एयरगन और एक टूटी हुई एयरगन मिलने के बाद हथियारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों के पास भी हथियार हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें- भोजपुर में मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 64 ग्राम हेरोइन और नकदी के साथ 4 गिरफ्तार