भोजपुर में मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 64 ग्राम हेरोइन और नकदी के साथ 4 गिरफ्तार
भोजपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कई तस्करों को गिरफ्तार किया है।
-1793032610051_m.webp)
पकड़े गए चार तस्कर। (जागरण)
HighLights
भोजपुर पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कई तस्करों को दबोचा।
कुल 1 किलो 35 ग्राम हेरोइन, गांजा और लाखों रुपये नकद बरामद।
पटना से आरा लाई गई हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ी गई।
जागरण टीम,आरा/सहार। भोजपुर पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहार थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हेरोइन और नकदी के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से 64 ग्राम हेरोइन, 7,800 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी संतोष साह, नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला निवासी इंद्रजीत कुमार, टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज, गांगी मोहल्ला निवासी छठु पासवान और भलुहीपुर मोहल्ला निवासी सागर कुमार शामिल हैं।
इसकी जानकारी सोमवार को एसपी अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। इसमें गिरफ्तार छठु पासवान व संतोष साह का पूर्व से हेरोइन तस्करी को लेकर लंबा इतिहास रहा है। पुलिस पूछताछ कर बड़े नेटवर्क के बारे में पता लगा रही है।
उन्होंने बताया कि सहार थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति आरा से मादक पदार्थ लेकर एकवारी आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम में सीओ को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया।इसके बाद गठित टीम ने एकवारी गांव के समीप मुख्य सड़क पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान आरा की ओर से बाइक पर सवार होकर आ रहे दो संदिग्ध पुलिस को देखकर बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे।
हालांकि, सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 64 ग्राम हेरोइन, 7,800 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के दौरान संतोष साह और छठु पासवान की संलिप्तता सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।इस मामले में सहार थाने में चारों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छठु पासवान व संतोष साह पर पू्र्व से भी तस्करी के मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छठु पासवान व संतोष साह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। छठु पासवान पर टाउन थाना में पूर्व से भी कई केस दर्ज है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध टाउन में पांच-छह केस मिले है।
संतोष पर सहार थाने में दर्ज शराब कांड, अरवल जिले के मेहंदिया थाने में एनडीपीएस एक्ट के मामले तथा पटना जिले के बिहटा और मसौढ़ी थानों में दर्ज शराब कांडों में आरोपित रह चुका है। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है।
गांजा और नकदी के साथ आरोपित गिरफ्तार
भोजपुर जिले के गीधा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप से गांजा और नकदी के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है।
तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम गांजा, 1,230 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपित बबुरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव निवासी अक्षयवर पाठक है। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि गीधा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक के समीप मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एक किलो 35 ग्राम हेरोइन के साथ बड़ा तस्कर गिरफ्तार
वहीं, दूसरे ओर भोजपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीआईयू और नवादा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है।
टीम ने बहीरो सूर्य मंदिर के समीप से एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 1 किलो 35 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घेघटा स्थित उसकी बहन के घर से 2 लाख 98 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार तस्कर बहादुर पासवान मूल रूप से बड़हरा के बबुरा थाना क्षेत्र के बबुरा गांव का निवासी है। वह वर्तमान में आरा के बहीरो इलाके में रहता है। पुलिस पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क के बारे में पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर पटना से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आरा आ रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर डीआईयू और नवादा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने बहीरो सूर्य मंदिर के समीप घेराबंदी कर दी।
1 किलो से अधिक हेरोइन बरामद
इसी दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक किलो 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घेघटा स्थित रामपुर मठिया उसकी बहन के ससुराल में छापेमारी की, जहां से दो लाख 98 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बाइक भी जब्त कर ली। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह पटना से हेरोइन लेकर आरा आया था और बहीरो की ओर जा रहा था।
इस मामले में नवादा थाने में आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
