पटना देह व्यापार व दुष्कर्म मामला- RJD MLA अरुण की खोज में छापेमारी जारी, लड़की चाहती मिले फांसी
पटना के चर्चित देह व्यापार व दुष्कर्म मामले में आरोपित आरजेडी विधायक अंडरग्राउंड हो गए हैं। इसके पहले पीडि़त लड़की का एक वीडियो भी वायरल हो गया था।
पटना [जागरण टीम]। चर्चित पटना-भोजपुर देह व्यापार व दुष्कर्म कांड में आरोपित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) विधायक अरुण यादव (Arun Yadav) अंडरग्राउंड हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। उधर आरा कोर्ट से पुलिस को गिरफ्तारी वारंट भी मिल गया है। इतना ही नहीं, इस मामले में पीड़ित लड़की का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह आरोपी विधायक अरुण यादव के लिए फांसी की सजा की मांग करती दिख रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला
विदित हो कि बीते 18 जुलाई को पटना में संचालित देह व्यापार गिरोह के चंगुल से भागकर भोजपुर पुलिस के पास पहुंची लड़की ने एक इंजीनियर और विधायक के आवास पर भेजे जाने का खुलासा किया था। इस मामले में पकड़ी गई संचालिका अनीता देवी ने स्वीकार भी इसे किया था। पीडि़ता का आरा कोर्ट में पहली बार बयान 20 जुलाई को दर्ज हुआ था। बीते छह सितंबर को पीड़ित लड़की द्वारा आरा कोर्ट में दोबारा बयान दर्ज कराया गया था। इसमें पीड़िता ने कहा कि पटना स्थित विधायक अरुण यादव के आवास पर उसके साथ गंदा काम किया गया। इसके बाद से विधायक की मुश्किलें बढ़ गईं हैं।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
विधायक अरुण यादव की तलाश में भोजपुर पुलिस तमाम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। भोजपुरी पुलिस ने अगिआंव स्थित उनके पैतृक आवास पर भी छापेमारी की। उनके पटना के हार्डिंग रोड स्थित 28 नंबर के आवास पर भी पटना व आरा पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची थी, लेकिन विधायक वहां नहीं मिले।
अरुण यादव बीते करीब 10 दिनों से सार्वजनिक रूप से नहीं देखे जा रहे हैं। उनका मोबाइल भी बंद है। उन्हें अपनी गिरफ्तारी का अंदेशा पहले से ही हो गया था। माना जा रहा है कि वे बिहार के बाहर चले गए हैं। भोजपुर एसपी के आदेश से विधायक को मिले चार अंगरक्षकों को पुलिस ने वापस कर लिया है।
पीड़िता बोली: विधायक को मिले फांसी
इस बीच कुछ दिनों पहले पीडि़त लड़ी का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वह अरुण यादव के लिए फांसी की सजा की मांग कर रही है। वीडियो में लड़की का परिचय सार्वजनिक किए जाने को लेकर एसपी सुशील कुमार ने कहा कि इस मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्याल कर रहा मॉनीटरिंग
पुलिस अब तक देह व्यापार रैकेट की संचालिका अनीता, उसके दलाल संजीत और अभियंता अमरेश के अलावा सेक्स रैकेट के संचालक संजय यादव उर्फ जीजा को जेल भेज चुकी है। इस मामले की पर पुलिस मुख्यालय की नजर लगातार बनी हुई है। इसकी मॉनीटरिंग मुख्यालय में वरीय अधिकारी कर रहे हैं।