विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पुलिस मुख्यालय का दावा- बिहटा की घटना में एक की हुई मौत, अस्पतालों में नहीं मिला कोई घायल

By JagranEdited By: Vyas Chandra
Published: Fri, 30 Sep 2022 12:45 PM (IST)

पटना के बिहटा में अवैध बालू को लेकर हुए विवाद में बुधवार रात से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में कई लोगों ...और पढ़ें

घटनास्‍थल पर बिखरे खोखे और जांच करती पुलिस। जागरण
घटनास्‍थल पर बिखरे खोखे और जांच करती पुलिस। जागरण

पटना, राज्य ब्यूरो। अवैध बालू खनन के लिए वर्चस्व को लेकर बिहटा के अमनाबाद में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी पर पुलिस मुख्यालय भी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस मुख्यालय ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञ​प्ति जारी कर बताया कि जांच के क्रम में अमनाबाद दियर में मजदूर के तौर पर काम कर रहे विमलेश कुमार की गोली लगने से मौत की बात सामने आई है। इस संदर्भ में भोजपुर के चांदी थाना में उनके स्वजनों का फर्द बयान दर्ज कराया गया है। इसके अलावा अभी तक बिहटा या मनेर थाना में किसी व्य​क्ति ने अपने किसी परिजन की मृत्यु या जख्मी होने की सूचना नहीं दी है। बिहटा और मनेर के सरकारी व प्राइवेट अस्पताल में भी जांच की गई लेकिर अस्पताल में गोली से जख्मी किसी व्य​क्ति को भर्ती नहीं पाया गया है। इसके अलावा पीएमसीएच तथा एनएमसीएच में भी गोली कांड से किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। 

घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, घटना 29 सितंबर की सुबह दस बजे की है। निरीक्षण से पता चला है कि दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना हुई है। घटनास्थल से करीब 50 खोखा बरामद किया गया है। वर्तमान में घटनास्थल पर दो पुलिस पदा​धिकारी एवं 30 पुलिस बल की प्रतिनियु​क्ति की गई है। स्‍थि‍ति पर नजर रखने के साथ घटना में जख्मी लोगों का पता लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

वर्चस्‍व के लिए दो गुटों में हुआ विवाद 

बता दें कि सोन नदी से अवैध बालू खनन के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। लोगों का कहना था कि रात 11 बजे से ही दोनों ओर से बंदूकें गरजने लगी थी जो सुबह तक जारी रही। इसमें पांच लोगों के मारे जाने की बात स्‍थानीय ग्रामीण कर रहे थे। उनका कहना था कि कई लोगों को गोली भी लगी है जिनकी हालत गंभीर है। घटना के बाद पुलिस ने सर्च आपरेशन चलाया लेकिन केवल एक का शव मिला। घटनास्‍थल से खून के धब्‍बे, गोली का खाली डब्‍बा और दर्जनों खोखे पुलिस ने बरामद किए थे।