बिहार: अपराधियों के आगे पुलिस बौनी, छपरा में चलती कार में गैंगरेप, गया-बेगूसराय में हत्या
बिहार में अपराधियों के आगे पुलिस की सारी कवायदें फेल साबित हो रही हैं। अपराधी लगातार घटना को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को पहले गया फिर बेगूसराय में हत्या तो छपरा में गैंगरेप।
पटना, जेएनएन। बिहार में अपराधियों के आगे पुलिस की सारी कवायदें फेल साबित हो रही हैं। अपराधी लगातार घटना को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को भी इससे पीछा नहीं छूटा। गया में सुबह में युवक की हुई हत्या के बाद बेगूसराय में सब्जी बिक्रेता को बदमाशों ने मार डाला। अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या की। वहीं छपरा में भी अपराधियों ने घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनाैती दी है। छपरा में अपराधियों ने छात्रा का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप को अंजाम दिया।
बेगूसराय में सब्जी बिक्रेता की हत्या
मिल रही जानकारी के अनुसार बेगूसराय में शनिवार के अपराह्न बाद सब्जी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि मामूली विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। सूत्रों के अनुसार रंगदारी में खीरा नहीं देने पर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना मटिहानी थाना क्षेत्र के खोरमपुर ढाला में की है। मृतक की पहचान गंगा महतो के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार अपराधी की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी।
छपरा में चलती कार में छात्रा के साथ गैंगरेप
कार सवार मनचलों ने विद्यालय से प्रमाण पत्र लेकर घर लौट रही इंटर की छात्रा का अपहरण कर लिया। वारदात भेल्दी थाना क्षेत्र के झौंवापट्टी के पास हुई। डेरनी थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार को इंटर का मूल प्रमाण पत्र लेने विद्यालय गई थी। वहां से वह साइकिल से घर लौट रही थी। प्यास लगने पर झौंवा पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप हैंडपंप से पानी पी रही थी। इसी क्रम में एक आइ-10 कार वहां रुकी। उस पर पांच युवक सवार थे। उन लोगों ने जबरन उसे उठाकर कार में बैठा लिया और फरार हो गए। युवकों ने चलती कार में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे बेहोशी की हालत में गडख़ा थाना के बसंत गांव के समीप सड़क किनारे कार से धकेलकर भाग गए। छात्रा के सभी प्रमाणपत्र उसके पास ही पड़े मिले। रात करीब दो बजे उसके घर वालों को सूचना दी गई। परिजन वहां पहुंचे और घर ले गए। घर में उसने घटना की जानकारी दी। एसपी हर किशोर राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने मामले जांच के लिए एसआइटी का गठन किया है।
गया में भी मर्डर
बता दें कि आज ही गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र चूरी गांव में आपसी विवाद के कारण एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश के अनुसार आपसी विवाद में शनिवार को छोटू यादव को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की।