विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में स्टंटबाजों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा: वायरल वीडियो के आधार पर FIR दर्ज, लाइसेंस रद करने की तैयारी

Published: Sun, 27 Sep 2026 04:54 PM (IST)

पटना यातायात पुलिस ने जेपी गंगा पथ और अन्य प्रमुख मार्गों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की है।

HighLights

  1. जेपी गंगा पथ पर स्टंट करने वालों पर कार्रवाई तेज।

  2. वायरल वीडियो के आधार पर दो प्राथमिकी दर्ज की गईं।

  3. स्टंटबाजों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू।

जागरण संवाददाता, पटना। सड़क को स्टंट का मैदान समझने वालों की अब खैर नहीं। जेपी गंगा पथ डसे लेकर शहर के दूसरे प्रमुख मार्गों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर वीडियो बनाने और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने वालों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

प्रसारित वीडियो के आधार पर दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 281 के तहत कार्रवाई हुई है।

संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जेपी गंगा पथ पर वाहन से स्टंटबाजी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।

वीडियो यातायात पुलिस की नजर में आने के बाद इसकी जांच की गई। इसके बाद गांधी मैदान यातायात थाना में संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस वीडियो के आधार पर चालक की पहचान और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। इसी तरह दूसरा मामला बाईपास यातायात थाना क्षेत्र का है। कच्ची दरगाह से राघोपुर पुल के बीच सड़क पर वाहन से स्टंट करने का वीडियो सामने आया था।

पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू की और प्राथमिकी दर्ज की। यहां भी संबंधित चालक के लाइसेंस पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कुछ दिन पहले जेपी गंगा पथ पर थार से खतरनाक स्टंट का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। यातायात पुलिस की नजर वीडियो पर पड़ी तो पंजीयन नंबर के जरिए वाहन मालिक की पहचान की गई।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर चार हजार रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने कार्रवाई को सार्वजनिक करते हुए स्टंट के मूल वीडियो के साथ चालान की रसीद भी इंटरनेट मीडिया पर डाल दी।

यह भी पढ़ें- नालंदा में त्योहारों पर महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान, स्टंटबाजों पर होगी कड़ी कार्रवाई