नौकरी के नाम पर जिस्म का सौदा, आपबीती सुनाते हुए रो पड़ीं महिलायें
राजधानी पटना में नौकरी के नाम पर जिस्मफरोसी कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने सरगना सुनील कुमार सुमन और उसकी सहयोगी रेहाना खातून समेत दो अन्य लोगों को दबोच लिया।
पटना [जेएनएन]। राजधानी पुलिस ने गुरुवार को नगर निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर जिस्मफरोशी कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने सरगना सुनील कुमार सुमन उर्फ मास्टर और उसकी सहयोगी रेहाना खातून समेत दो अन्य लोगों को दबोच लिया। उनके चंगुल से दो महिलाओं को मुक्त कराया गया है। मुक्त दोनों महिलाएं झारखंड के दुमका जिले के रानीश्वर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। रेहाना भी उसी इलाके की निवासी है। मौके से पुलिस ने नकदी, मोबाइल सहित कई आपत्तिजनक चीजें बरामद की हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस कप्तान मनु महाराज को बुधवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू मार्केट स्थित होटल श्याम में देह व्यापार हो रहा है। विधि-व्यवस्था डीएसपी डॉ. मो. शिब्ली नोमानी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह ने दलबल के साथ होटल में धावा बोल दिया और कमरों की तलाशी लेने लगे।
इस दौरान सुनील कुमार सुमन (मरौना, सुपौल), अमर मंडल (रूगंतगंज, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल) और रूपेश कुमार (लोकही, मधुबनी) को अलग-अलग कमरों में महिलाओं के साथ पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने पति-पत्नी होने की बात कही, लेकिन कोई प्रमाण नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने थाने में लाकर पूछताछ की, तब सच्चाई का पता चला।
फूट-फूटकर रोने लगीं महिलाएं
पुलिस ने जब सेक्स रैकेट के दलदल में फंसी दोनों महिलाओं से पूछा, तुम यहां तक कैसे पहुंची? तो वे फूट-फूटकर रोने लगीं। बताया कि, रेहाना उनके इलाके की है। उनके घर की आर्थिक स्थिति सही नहीं थी। रेहाना ने उनसे पटना नगर निगम में नौकरी दिलाने का दावा किया था। वे उसके भरोसे पर पटना चली आई। यहां आने पर सुनील ने नौकरी दिलाने के लिए शारीरिक संबंध बनाने की शर्त रखी थी। मजबूरी में दोनों तैयार हो गईं। उन्हें मालूम नहीं था कि सुनील ने उनकी अश्लील वीडियो बना ली है। सुनील और रेहाना ब्लैकमेल कर उनसे देह का धंधा करवाते रहे।