सिविल कोर्ट परिसर से पुलिस ने गवाह को उठाया
- रंगदारी के एक मामले में था फरार, गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी न्यायालय संवाददाता, पटन
- रंगदारी के एक मामले में था फरार, गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
न्यायालय संवाददाता, पटना : पटना सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार को करीब सात-आठ की संख्या में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को उठा लिया व अपने साथ ले गए। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते वे जा चुके थे। घटना दोपहर एक बजे के करीब की है।
बताया जाता है कि पुलिस अपने साथ सीबीआइ के गवाह मनोज सिंह को उठाकर ले गई। उसके साथ आये मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी राजीव कुमार ने घटना की सूचना पीरबहोर थाने को दी। इसकी प्रति एसएसपी व सीबीआइ के एसपी को भी दी गई है। वहीं सीबीआइ के विशेष लोक अभियोजक ने जांच एजेंसी के विशेष न्यायाधीश देवराज त्रिपाठी को इस घटना की जानकारी दी है।
ज्ञात हो कि मुजफ्फरपुर स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड के तत्कालीन डीजीएम कौशल कुमार को सीबीआइ ने पांच हजार रुपये घूस लेते 2010 में रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में वह परिवादी था। उसकी गवाही सात मार्च से लगातार चल रही थी। वह न्यायालय के आदेश पर व्यक्तिगत बांड पर था। कोर्ट से गवाही देकर निकलने के बाद वह परिसर में खड़ा था। उसी समय उसे उठा लिया गया। 17 मार्च की गवाही में भी उसे पेश होना है।
वहीं पीर बहोर थानाध्यक्ष कैसर आलम ने बताया कि मनोज रंगदारी के एक मामले में फरार था। गुप्त सूचना के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई। इसके बाद उसे मुजफ्फरपुर पुलिस को सौंप दिया गया।