विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PMCH में वीडियो बनाने पर हाइकोर्ट के वकील की पिटाई, डॉक्टरों ने कहा- जूता पहनकर MICU में घुसे थे दंपती

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:13 AM (IST)

पटना के पीएमसीएच में एक महिला अधिवक्ता और डॉक्टरों के बीच एमआईसीयू में प्रवेश और वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंच गया। 

पीएमसीएस की बिल्डिंग। फाइल फोटो

पीएमसीएस की बिल्डिंग। फाइल फोटो

HighLights

  1. पीएमसीएच में अधिवक्ता और डॉक्टरों के बीच विवाद हुआ।

  2. एमआईसीयू में प्रवेश और वीडियो बनाने को लेकर झड़प।

  3. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

जागरण संवाददाता, पटना। पीएमसीएच में नेफ्रोलाजी विभाग के एमआइसीयू के बाहर बुधवार को हाईकोर्ट की प्रशिक्षु महिला अधिवक्ता अदिति मेधा और डॉक्टरों के बीच जमकर विवाद हुआ।

देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में खड़ी महिला अधिवक्ता की कार का शीशा भी तोड़ दिया गया।

वहीं, पीएमसीएच प्रबंधन के अनुसार, महिला अधिवक्ता अपने कथित न्यायाधीश पति के साथ जूते पहनकर एमआइसीयू में घुस गई थीं। चिकित्सकों के विरोध में उन्होंने विवाद करते हुए डॉक्टर और बीच-बचाव कराने पर सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता व हाथापाई की।

इसके विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने दोपहर दो बजे इलाज कार्य बंद कर दिया। अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह के समझाने व पीएमसीएच टीओपी में प्राथमिकी कराने के बाद शाम पांच बजे दोबारा उपचार कार्य शुरू किया।

बदसलूकी का वीडियो बनाने पर हुआ विवाद

अदिति मेधा के अनुसार, वह अपने परिचित को खाना देने अस्पताल आई थीं। खाना देकर लौटते के क्रम में आइसीयू के बाहर लिफ्ट के पास खड़े गार्ड ने उनसे बदसलूकी की।

उन्होंने मोबाइल से इसका वीडियो बनाना शुरू किया तो डॉक्टरों और गार्ड ने उन्हें पकड़ लिया और उनके तीनों मोबाइल छीन लिए।

महिला अधिवक्ता ने बताया कि वीडियो डिलीट करने से मना करने पर कार में बैठी उनकी बेटी व भतीजी को डराया वीडियो मिटाने का दबाव बनाया गया। किसी तरह ड्राइवर दोनों बच्चों को लेकर वहां से बाहर निकला।

आरोप है कि इसके बाद बाहरी लोगों को बुलाकर उनकी कार का शीशा तोड़ दिया गया और ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। मामले की सूचना पर पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

महिला अधिवक्ता ने थाने में उपाधीक्षक अरविंद कुमार सिन्हा, डा. देवोजीत समेत 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी कराई है। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

पीरबहोर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। दोनों तरफ से आवेदन मिला है, मामले की जांच की जा रही है।

डॉक्टरों ने थप्पड़ मारने, लंगड़ा व चीनी जैसी टिप्पणी का लगाया आरोप

जूनियर डॉक्टरों के अनुसार खुद को पटना उच्च न्यायालय की अधिवक्ता व पति जो खुद को न्यायाधीश बता रहे थे ने बिना जूते उतारे एमआइसीयू में घुस आईं। डॉक्टर के रोकने पर विवाद शुरू हुआ।

इस बीच उन्होंने आइसीयू के अंदर की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। मरीजों व डॉक्टरों की निजता प्रभावित होने के कारण इसे डिलीट करने को कहा गया।

इस क्रम में उन्होंने एक डॉक्टर को थप्पड़ मारा और दिव्यांग चिकित्सक को तू लंगड़ा डॉक्टर व पूर्वोत्तर भारत से आने वाले चिकित्सक को चीनी जैसी अपमानजनक टिप्पणी कीं।

सुरक्षाकर्मियों के हस्तक्षेप पर उन्होंने डॉक्टरों , महिला स्वास्थ्य प्रबंधक आदि से अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने धमकी दी कि वे अपने हाईकोर्ट जज को तो छोड़ते नहीं, तू क्या है?

महिला के मरीज को चार दिन पूर्व भर्ती किया गया था। तब से वे परिसर में कहीं भी कार खड़ी कर सुरक्षा व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को धमकाती रही हैं। एमआइसीयू में जूता पहन प्रवेश करने व मोबाइल से अंदर का वीडियो बनाने से रोकने पर डॉक्टरों हाथापाई, बीच-बचाव में सुरक्षाकर्मी के चोटिल करना मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। महिला के पति ने भी विभागाध्यक्ष, उपाधीक्षक और चिकित्सकों से दुर्व्यवहार किया है। इस बाबत पीएमसीएच टीओपी में प्राथमिकी का आवेदन दिया गया है। -डॉ. राजीव कुमार सिंह, अधीक्षक पीएमसीएच

जूनियर डॉक्टर की मांगें

- दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी व कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

-आइसीयू व अस्पताल के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था।

-सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

- कालेज प्रशासन द्वारा सुरक्षा के संबंध में ठोस कदम एवं लिखित आश्वासन।

- चिकित्सकों-स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा, सम्मान व गरिमा सुनिश्चित करना।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।