विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PMCH में बवाल: महिला अधिवक्ता और डॉक्टरों के बीच हिंसक झड़प, जूनियर डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:39 PM (IST)

पटना के पीएमसीएच में एक महिला अधिवक्ता और डॉक्टरों-सुरक्षाकर्मियों के बीच वीडियो बनाने को लेकर हिंसक झड़प हुई। इस घटना के बाद जूनियर डॉक्टर सुरक्षा की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए, जिससे अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

जूनियर डॉक्टरों ने महिला पर सुरक्षाकर्मी और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्रता का आरोप लगाया।

जूनियर डॉक्टरों ने महिला पर सुरक्षाकर्मी और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्रता का आरोप लगाया।

HighLights

  1. महिला अधिवक्ता और डॉक्टरों के बीच हिंसक झड़प हुई।

  2. वीडियो बनाने और डिलीट करने को लेकर विवाद बढ़ा।

  3. जूनियर डॉक्टर सुरक्षा की मांग पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में बुधवार को महिला अधिवक्ता और डॉक्टरों व सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नेफ्रोलाजी विभाग के एमआइसीयू के बाहर वीडियो बनाने और उसे डिलीट कराने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। महिला अधिवक्ता ने डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों पर छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया।

वहीं, जूनियर डॉक्टरों ने महिला पर सुरक्षाकर्मी और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्रता का आरोप लगाया। घटना के विरोध में देर शाम जूनियर डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।

वीडियो बनाने से शुरू हुआ विवाद, दोनों पक्षों में मारपीट

महिला अधिवक्ता के अनुसार, वह अस्पताल में भर्ती अपने परिचित को खाना देकर लौट रही थीं। लिफ्ट के पास एक गार्ड ने उनके साथ अनुचित शारीरिक संपर्क किया।

उन्होंने मोबाइल से इसका वीडियो बनाने की कोशिश की तो फोन छीन लिया गया। वीडियो डिलीट करने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि उनकी बेटी और भतीजी पर भी वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया गया।

कार का शीशा तोड़ने और ड्राइवर से मारपीट का आरोप

महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में मौजूद बाहरी लोगों ने उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और ड्राइवर के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि बेटी और भतीजी को भी परेशान किया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उन्होंने अस्पताल के उपाधीक्षक अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. देवोजीत समेत 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

जूनियर डॉक्टरों का पक्ष, एमआइसीयू में वीडियो बनाने से रोका

दूसरी ओर, जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि महिला अधिवक्ता जूते-चप्पल पहनकर एमआइसीयू में प्रवेश करना चाहती थीं। वहां वीडियो बनाने से रोकने पर विवाद शुरू हुआ।

एसोसिएशन के अनुसार, महिला ने सुरक्षाकर्मी को थप्पड़ मारा। बीच-बचाव करने पहुंचे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी अभद्रता और हाथापाई की गई। एक डॉक्टर की शर्ट फाड़ने और महिला डॉक्टरों के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है।

सुरक्षा की मांग पर अनिश्चितकालीन हड़ताल

घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही अस्पताल प्रबंधन की ओर से संस्थागत प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग उठाई। मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया। इससे अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।

दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन, पुलिस कर रही जांच

महिला अधिवक्ता ने उपाधीक्षक अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. देवोजीत समेत 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी पीएमसीएच टीओपी में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है। पीरबहोर थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिले हैं और मामले की जांच की जा रही है।

अधीक्षक बोले- चार दिन पहले भर्ती हुआ था मरीज

पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि महिला का परिचित मरीज चार दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला और उनके पति ने अस्पतालकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।

इस संबंध में अस्पताल की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।