छठ के बाद प्रधानमंत्री मोदी आएंगे वैशाली, जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में होगी जनसभा
छठ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के वैशाली जिले में जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

छठ के बाद वैशाली में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा की तैयारी (PTI)
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी छठ के बाद वैशाली आएंगे।
जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में होगी उनकी जनसभा।
एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर छठ बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वैशाली आएंगे। छठ बाद राजापाकड़ थाना क्षेत्र के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री की जनसभा होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को वैशाली के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
साथ ही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सरावगी ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर की जा रही कार्रवाई को समझा। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर यात्रा की तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम बिहार के लिए महत्वपूर्ण है। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम से क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे सभी संबंधित लोगों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस मौके पर भाजपा के विधायक अवधेश सिंह, संजय सिंह एवं जदयू के सिद्धार्थ पटेल भी उपस्थित रहे।
विदित हो कि 20 नवंबर को एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे हो रहा है। इसी क्रम में नव विकसित 12 एकड़ में जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है।