नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले PM मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात, पटना एयरपोर्ट की तस्वीरों ने खींचा ध्यान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने पटना में नीतीश कुमार से मुलाकात की और वैशाली में 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे।

पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। सौ-एक्स
HighLights
पीएम मोदी ने बिहार को 34 हजार करोड़ की सौगात दी।
पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात हुई।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया।
डिजिटल डेस्क, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे।
वैशाली जिले में आयोजित कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री करीब एक बजे वायुसेना के विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का अभिवादन किया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात की।
एयरपोर्ट पर पीएम से मिले नीतीश
इस दौरान की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें दोनों नेताओं के बीच सहजता और आत्मीयता दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा कीं।
उन्होंने लिखा, 'पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।' प्रधानमंत्री इसके बाद हेलीकॉप्टर से वैशाली स्थित सभास्थल के लिए रवाना हो गए।
नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है सेतु
प्रधानमंत्री के इस बिहार दौरे में नीतीश कुमार से जुड़ा एक और अहम पहलू चर्चा में है। करीब पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखा गया है।
इस सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शामिल होने पहुंचे हैं। बिहार की राजनीति में इस मुलाकात और सेतु के नामकरण को भी अहम माना जा रहा है।
एक ओर प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कर प्रसन्नता जाहिर की, वहीं दूसरी ओर उनके नाम पर बने सेतु का उद्घाटन भी इस दौरे का प्रमुख कार्यक्रम है।