विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बिहार में अब घोटालों की नहीं, निवेश की चर्चा होती है'; पीएम मोदी ने विपक्ष पर बोला हमला  

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:42 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अब घोटालों की जगह निवेश की चर्चा हो रही है, और पिछले एक साल में ₹2 लाख करोड़ के निवेश समझौते हुए हैं। 

गमछा हिलाकर स्वागत करते पीएम मोदी। फोटो X/samrat4bjp

गमछा हिलाकर स्वागत करते पीएम मोदी। फोटो X/samrat4bjp

HighLights

  1. पीएम मोदी ने बिहार में ₹37,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

  2. कहा, बिहार में अब घोटालों की जगह निवेश की चर्चा होती है।

  3. नीतीश सेतु का उद्घाटन कर बिहार के विकास की सराहना की।

राज्य ब्यूरो, पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार दौरे में विपक्ष पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि तीन दशक पहले बिहार ने देश को उम्मीद और विश्वास की राह दिखाई थी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन का नया भरोसा कायम हुआ।

बिहार विकास की लंबी यात्रा तय कर यहां तक पहुंचा है। अब डबल इंजन की सरकार में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। बिहार में अब घोटालों की जगह निवेश की चर्चा हो रही है।

पिछले एक साल में राज्य में करीब दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं। विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

वे शनिवार को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक वर्ष पूरे होने पर वैशाली जिले में विकसित 12 एकड़ जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने गंगा नदी पर नवनिर्मित नीतीश सेतु समेत 37 हजार करोड़ की 227 परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास, कार्यारंभ एवं शुभारंभ किया।

उन्होंने नीतीश सेतु (कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल) से गमछा लहरा कर लोगों का अभिवादन किया। इसके पूर्व पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य नेतागण ने उनका स्वागत किया।

छठ की शुभकामनाओं के साथ शुरू किया भाषण 

उन्होंने लोकतंत्र की धरती वैशाली से बिहार की मिट्टी को नमन किया।  उन्होने कहा कि अभी छठ महापर्व संपन्न हुआ है। माताओं-बहनों ने निर्जला व्रत रखकर सबकी मंगलकामना की है। छठी मैया के आशीर्वाद से आज बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है।

एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने गठबंधन के सभी घटक दलों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि नीतीश ने बिहार की सेवा की है और प्रदेश में सुशासन का भरोसा मजबूत किया है।

नीतीश के आशीर्वाद से सम्राट चौधरी भी बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की आत्मा का आशीर्वाद भी उन्हें मिल रहा होगा। प्रधानमंत्री ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान का प्रतीक बताया।

विकास योजनाओं से बढ़ रहा बिहार: पीएम मोदी 

उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। बिहार में हाईवे परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऊर्जा और शहरी विकास के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।

बक्सर, पीरपैंती और फुलवरिया बांध क्षेत्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ा है। जिस बिहार के गांवों में कभी बिजली पहुंचना मुश्किल था, वहीं बिहार अब बिजली उत्पादन का केंद्र बनता जा रहा है।

शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। गयाजी में स्टील परियोजना पर काम हो रहा है। मोतिहारी में चीनी मिल को फिर से चालू करने के लिए गन्ना नीति बनाई गई है।

किसानों की सुविधा के लिए 11 हजार से अधिक नलकूपों की व्यवस्था की गई है। दो सौ से अधिक डिग्री कालेज खोले गए हैं।

महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए माता सीता डिग्री कालेज खोलने का निर्णय लिया गया है। साफ नीयत से काम होता है तो विकास जमीन पर दिखाई देता है।

विपक्ष पर बोला हमला 

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों को गुमराह करने का काम लंबे समय तक किया गया। उनकी सरकार ने गरीबी के विरुद्ध लड़ाई को योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ाया है।

देश में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

बिहार के नौजवान विकास की जरूरत और उसकी ताकत दोनों को समझते हैं। कहा कि हमें न रुकना है, न थकना है। बिहार को समर्थ और समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना है।

मंच पर मख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री द्वय विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव के अतिरिक्त एनडीए सभी केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।