लालू प्रसाद यादव के खिलाफ रांची हाइकोर्ट में PIL दाखिल, कहा- बिरसा मुंडा जेल भेजे झारखंड सरकार
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के खिलाफ रांची हाइकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। इसमें लालू को रांची के बिरसा मुंडा जेल भेजने का आदेश देने की गुहार लगाई गई है।
पटना, जेएनएन। चारा घोटाला (Fodder Scam) में सजायाफ्ता व राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) को लेकर रांची से बड़ी खबर है। वकील मनोज टंडन ने उन्हें रांची के बिरसा मुंडा जेल (Birsa Munda Jail) में रखने को लेकर रांची हाईकोर्ट (Ranchi High Court) में लोक हित याचिका (PIL) दायर की है। उन्होंने यह याचिका मनीष कुमार के लिए ऑनलाइन दाखिल की है।
पाीअाइएल दाखिल कर लगाई जेल भेजने की गुहार
रांची हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कहा गया है कि लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला में सजायाफ्ता हैं। उनकी जगह जेल में है, लेकिन उन्हें रांची के रिम्स (अस्पताल) के निदेशक के बंगले में रखा गया है। यह जेल मैन्युअल का उल्लंघन है। रांची के होटवार जेल (Hotwar Jail) में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव फिलहाल रिम्स (RIMS) में अपनी बीमारी का इलाज करा रहे हैं। कोरोना संक्रमण (CoronaVirus Infection) के खतरे को देखते हुए उन्हें रिम्स के निदेशक के बंगले में शिफ्ट कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला, जानिए
विदित हो कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला के कई मामलों में सजायाफ्ता हैं। जबकि, कुछ मामले अभी भी लंबित चल रहे हैं। इस बीच बीमार हो जाने के कारण उन्हें रांची के होटवार जेल से रिम्स में शिफ्ट किया गया है। रिम्स में उन्हें किडनी सहित कई बीमारियाें का इलाज चल रहा है। उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड में रखा गया था, लेकिन पास में ही कोरोना वार्ड (Corona Ward) होने के कारण उनकी सुरक्षा के सवाल खड़े होने लगे। इसके बाद लालू यादव को रिम्स के निदेशक के बंगले में शिफ्ट कर दिया गया। अब मनीष कुमार ने वकील मनोज टंडन के माध्यम से इसके खिलाफ जनहित याचिका दाखिल की है।