PatnaWeatherForecast: चार दिनों बाद पटना के मौसम में होगा सुधार, कल कुछ जिलों में छाएंगे बादल
मौसम में अगले चार दिनों के बाद सुधार होने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर आगे बढ़ रहा है। खाड़ी से आने वाली नमी को राज्य में पहुंचने में अभी तीन से चार दिन लगेंगे।
पटना, जेएनएन। राजधानी के मौसम में अगले चार दिनों के बाद सुधार होने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर आगे बढ़ रहा है। खाड़ी से आने वाली नमी को राज्य में पहुंचने में अभी तीन से चार दिन लगेंगे। तब तक गर्मी बनी रहेगी।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा का कहना है कि राजधानी के मौसम में अगले तीन से चार दिनों तक गर्मी बनी रहेगी। उसके बाद मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। वहां से देश के मैदानी भाग में उसका प्रवेश होगा। प्रदेश के वातावरण में बंगाल की खाड़ी की नमी पहुंचने में अभी तीन से चार दिन लगेंगे, जिसके बाद ही स्थिति में कुछ सुधार होगा। ऐसे में चार दिनों के बाद बिहार की राजधानी पटना के मौसम में भी बदलाव देखा जा सकता है। अभी उमस से पटनावासियों को परेशानी हो रही है।
उमस से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा
दिन में तेज धूप एवं उमस से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात ही मौसम में सुधार हो रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पछुआ हवा फिलहाल स्थिर है। स्थानीय कारणों से राज्य के कुछ इलाके में बादल बन सकते हैं, लेकिन तेज बारिश की फिलहाल कोई उम्मीद राज्य में नहीं दिखाई दे रही है।
आज 35 एवं न्यूनतम तापमान 25.4 रहा तापमान
सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 35 एवं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, शहर की हवा में 71 फीसद नमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मंगलवार को राजधानी का आकाश साफ रहेगा। कुछ जिलों में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं।