पटना की महिला ने आरा रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में पिया एसिड, हालत गंभीर Patna News
आरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह एक महिला ने एसिड पी लिया। महिला पटना के महेंद्रू की रहने वाली है। जिसे सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
आरा, जेएनएन। दानापुर रेलवे मंडल अंतर्गत आरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने एसिड पी लिया। पटना के महेंद्रू में रहने वाली महिला को तड़पते देख तुरंत रेलवे स्टेशन पर तैनात डॉक्टरों के द्वारा प्राथमिक उपचार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक दानापुर रेलवे मंडल के अंतर्गत आरा रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में मंगलवार की सुबह पटना के महेंद्रू में रहने वाली काजल नाम की महिला आई थी। उसे आरा से पटना आना था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला अकेले थी और बीमार दिख रही थी।
काफी देर स्टेशन पर बैठने के बाद अचानक उसने पर्स से एसिड निकाला और पी लिया। प्रतीक्षालय में बैठे अन्य यात्रियों ने सोचा कि महिला दवा पी रही होगी, इस लिए किसी ने उसे नहीं रोका। जब कुछ देर बाद वो तड़पने लगी तो डॉक्टरों को बुलाया गया। पहचान के लिए जब महिला का पर्स चेक किया गया तो उसमे एसिड मिला। तुरंत उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप