Chandrayaan-2 दीदार के लिए रातभर होती रही रतजगा, पटनावासियों की टूट गई उम्मीद Patna News
चांद पर विक्रम की लैंडिंग पर पूरी दुनिया के साथ पटनावासियों की निगाहें थीं लेकिन अंत में निराशा हाथ लगी।
पटना, जेएनएन। 'यार, मुझे किसी भी तरह चांद पर चंद्रयान टू के लैंडर 'विक्रम' की लैंडिंग मिस नहीं करनी है।' चांद की धरती पर भारत की दस्तक को लेकर पटना के घर-घर में कुछ ऐसा ही माहौल रहा। दिनभर न्यूज चैनलों पर चंद्रयान टू से जुड़ीं खबरें देखी जाती रहीं। घड़ी की सुइयां जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थीं, पटनावासियों की उत्सुकता बढ़ रही थी, लेकिन बाद में निराशा हाथ लगी।
नेहरू नगर के मीर आनंद अपार्टमेंट में रहने वाली रश्मि लता अपने घर के सारे काम निपटाने के बाद परिवार के साथ टीवी स्क्रीन पर नजरें टिकाए रहीं। रश्मि का पुत्र स्नेहल सिन्हा संत माइकल में 11वीं का छात्र है और सौम्यल सिन्हा डॉन बॉस्को का छात्र हैं, दोनों चंद्रयान को लाइव देखने को लेकर काफी उत्सुक थे। स्नेहल ने कहा कि इसको लेकर मन में काफी रोमांच था। वहीं सौम्यल ने कहा कि एक बार यह चंद्रयान किसी कारण से फेल हो गया था, लेकिन दोबारा इसे चांद पर भेजा गया है, आज बड़ी उम्मीद थी।
आज साइंस सेंटर में दिखेगा नजारा
राजधानी के लोग शनिवार को पटना साइंस सेंटर में चंद्रयान-2 की गतिविधियों को लाइव देख सकेंगे। इसके लिए गांधी मैदान के पास श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र की ओर से तैयारी पूरी कर लगी गई है। रोवर चांद की सतह पर किस तरह काम करता है, यह विज्ञान केंद्र में देखने को मिलेगा। कोई भी व्यक्ति विज्ञान केंद्र का टिकट कटाकर चंद्रयान टू के लैंडर विक्रम की गतिविधि वीडियो पर देख सकेंगे। स्कूली बच्चों में इसको लेकर खास उत्साह है।