विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवाओं में तेजी से बढ़ रही बाल झड़ने और त्वचा की समस्या, PMCH के डॉक्टर ने बताया क्या करें-क्या न करें

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:35 AM (IST)

बदलती दिनचर्या, तनाव और अनियमित खान-पान के कारण 18-22 वर्ष के युवाओं में बाल झड़ने के साथ त्वचा संबंधी समस्याएं ...और पढ़ें

पाठकों को च‍िक‍ित्‍सकीय सलाह देते डॉ. अभ‍िषेक कुमार झा।

पाठकों को च‍िक‍ित्‍सकीय सलाह देते डॉ. अभ‍िषेक कुमार झा।

HighLights

  1. युवाओं में बाल झड़ने की समस्या दिनचर्या बदलाव से बढ़ी।

  2. उमस से फंगल संक्रमण, दाद, खुजली जैसी त्वचा समस्याएं बढ़ीं।

  3. बिना डॉक्टरी सलाह के क्रीम, दवा का उपयोग न करें।

जागरण संवाददाता, पटना। बदलती दिनचर्या, खान-पान में अनियमितता, तनाव और पर्याप्त नींद नहीं लेने का असर युवाओं की त्वचा और बालों पर भी पड़ रहा है।

पीएमसीएच की ओपीडी में 18 से 22 वर्ष की उम्र के युवाओं में बाल झड़ने की शिकायत अधिक देखने को मिल रही है।वहीं, बारिश और बाढ़ के कारण वातावरण में बढ़ी उमस और नमी से शरीर की सिलवटों में फंगल संक्रमण, दाद, खुजली, लाल चकत्ते और जलन की समस्या बढ़ गई है।

चेहरे पर अतिरिक्त तेल के कारण मुहांसे, जबकि सिर की त्वचा में डैंड्रफ, खुजली और फालिकुलाइटिस (बालों की जड़ों में संक्रमण) की शिकायत लेकर भी मरीज पहुंच रहे हैं।

इन समस्याओं को लेकर रविवार को दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम 'हेलो जागरण' में पीएमसीएच के त्वचा रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. अभिषेक कुमार झा ने पाठकों के सवालों के जवाब दिए।

उन्होंने त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याओं में बिना चिकित्सकीय सलाह के क्रीम, दवा या सप्लीमेंट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। प्रस्तुत हैं चुनिंदा प्रश्न और उनके जवाब।

पैर और बांह में लाल-लाल चकत्ते हो जाते हैं। क्या करें?

रविंद्र सिंह, आरा।

लाल चकत्ते कई कारणों से हो सकते हैं। उमस के मौसम में फंगल संक्रमण, एलर्जी या किसी अन्य त्वचा रोग के कारण भी ऐसी समस्या हो सकती है।

प्रभावित स्थान को साफ और सूखा रखें। खुजली होने पर बार-बार खुजलाने से बचें। बिना डाक्टर की सलाह के स्टेरायडयुक्त मिश्रित क्रीम का इस्तेमाल न करें। समस्या बार-बार हो रही है या चकत्ते फैल रहे हैं तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं।

चेहरे पर काले-काले दाग हैं, कैसे ठीक होंगे?

स्मिता तिवारी, पटेल नगर।

चेहरे पर काले दाग कई कारणों से हो सकते हैं। मुहांसों के बाद होने वाले दाग, धूप का अधिक प्रभाव या हार्मोनल कारण भी इसके पीछे हो सकते हैं।

पहले कारण की पहचान जरूरी है। नियमित रूप से सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें और चेहरे पर बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई क्रीम या ब्लीचिंग उत्पाद न लगाएं। दाग लंबे समय से हैं तो विशेषज्ञ से परामर्श लेना बेहतर है।

डैंड्रफ की समस्या है, क्या उपाय है?

कौशिक शर्मा, दीघा।

डैंड्रफ के लिए नियमित रूप से एंटी-डैंड्रफ शैंपू का इस्तेमाल किया जा सकता है। सिर की त्वचा को साफ रखना जरूरी है।

बहुत अधिक तेल लगाने या सिर में तेल लंबे समय तक छोड़ने से समस्या बढ़ सकती है। यदि डैंड्रफ के साथ खुजली, लालिमा या घाव हो रहे हैं तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें।

घुटने के नीचे धब्बा बन रहा है। क्या करें?

आयुष्मान, मोकामा एवं मंगल कुमार, फ्रेंड्स कालोनी।

त्वचा पर धब्बा कई कारणों से हो सकता है। उसका रंग, आकार, किनारे और कितने समय से है, इसकी जानकारी जरूरी है।

यदि धब्बा बढ़ रहा है, उसमें खुजली हो रही है या उसका रंग लगातार बदल रहा है तो विशेषज्ञ से जांच कराएं। बिना कारण जाने किसी क्रीम का इस्तेमाल न करें।

पैर में दिनाय हो गया है और खुजली करता है। क्या करें?

अमीर कुमार झा, खगौल।

पैर में दाद या फंगल संक्रमण होने पर खुजली और लाल चकत्ते की समस्या हो सकती है। पैरों को सूखा रखें, रोजाना मोजे बदलें और संक्रमित हिस्से को खुजलाने से बचें।

तौलिया, कपड़े और जूते-मोजे दूसरों के साथ साझा न करें। बिना चिकित्सकीय सलाह के स्टेरायडयुक्त क्रीम लगाने से संक्रमण बढ़ सकता है। समस्या बनी रहने पर त्वचा रोग विशेषज्ञ से उपचार कराएं।

युवाओं में बाल झड़ने पर दिनचर्या पर दें ध्यान

कम उम्र में बाल झड़ने की समस्या के पीछे कई कारण हो सकते हैं। तनाव, नींद की कमी, अनियमित खान-पान, पर्याप्त पोषण नहीं मिलना और बदलती जीवनशैली इसमें भूमिका निभा सकते हैं।

लगातार और अधिक बाल झड़ रहे हों तो कारण की पहचान के लिए चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है। संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या बालों के साथ-साथ त्वचा को भी स्वस्थ रखने में मदद करती है।

त्वचा और बालों की समस्या में इन गलतियों से बचें

  • दाद या खुजली में मनमाने ढंग से क्रीम न लगाएं।

  • त्वचा पर लाल चकत्ता होने पर उसे बार-बार न खुजलाएं।

  • फंगल संक्रमण वाले हिस्से को गीला और ढका हुआ न छोड़ें।

  • डैंड्रफ होने पर सिर में बहुत अधिक तेल लगाकर लंबे समय तक न छोड़ें।

  • बाल झड़ने पर इंटरनेट या परिचितों की सलाह पर दवा या सप्लीमेंट शुरू न करें।

  • चेहरे के दाग-धब्बों पर बिना विशेषज्ञ की सलाह के फेयरनेस या ब्लीचिंग क्रीम का इस्तेमाल न करें।

  • त्वचा या बालों की समस्या लंबे समय से है तो कारण की जांच कराकर ही उपचार कराएं।

यह भी पढ़ें- Gen-Z में बढ़ी बेदाग त्वचा की चाह, पटना के विशेषज्ञ बोले- मुहांसों पर खुद से क्रीम लगाना पड़ सकता है भारी