Patna weather Forecast : बिहार में शुष्क रहा मौसम, उमस ने किया परेशान
Patna weather Forecast बिहार के अधिकांश इलाकों का मौसम शुष्क रहा । उमस और गर्मी से कब मिलेगी राहत जानने के लिए पढि़ए ये रिपोर्ट ।
पटना, जेएनएन। Patna weather Forecast : दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर होने से बिहार में शनिवार से ही मौसम शुष्क है। प्रदेश में कहीं से भी बारिश होने की सूचना नहीं है। बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में अचानक तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को भी पटना में बारिश के आसार नहीं हैं। शनिवार और रविवार को भी भीषण गर्मी और उमस के कारण राजधानीवासी दिन भर परेशान रहे। रविवार की सुबह में ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दिन चढऩे के साथ धूप भी तीखी होती गई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सोमवार को भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी। स्थानीय कारणों से दोपहर बाद दरभंगा और रोहतास में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
उमस से राहत के नहीं आसार
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल असम से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश होते हुए पंजाब तक जा रहा है। कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश एवं पूर्वी राजस्थान में बना हुआ है। फिलहाल बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय नहीं है। जिसके कारण राज्य में अभी अच्छी बारिश के आसार नहीं हैं। स्थानीय कारणों से शनिवार को राजधानी में अधिकतम 36.4 और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी की हवा में आर्द्रता 76 फीसद रिकॉर्ड की गई।
बिहार के चार प्रमुख शहराें का ऐसा रहेगा तापमान
पूरे बिहार में शनिवारको सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरपुर में और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस डेहरी में दर्ज किया गया । सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.0 एवं न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके अलावा भागलपुर में अधिकतम तापमान 36.0 और न्यूनतम तापमान 28.0 , गया में अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम तापमान 27.0 और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 35.0 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।