पटना विश्वविद्यालय में पूर्व सैनिक करेंगे HRM की पढ़ाई, सिंडिकेट की ऑनलाइन बैठक में नए कोर्स को मंजूरी
पटना विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक ऑनलाइन आयोजित की गई, जिसमें पूर्व सैनिकों के लिए बैचलर ऑफ आर्ट इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (HRM) कोर्स को मंजूरी मिली।

पटना विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
पूर्व सैनिकों के लिए HRM कोर्स को मंजूरी मिली।
यह छह महीने का कोर्स करियर में सहायक होगा।
छात्रों के हंगामे के कारण सिंडिकेट बैठक ऑनलाइन हुई।
जागरण संवाददताा, पटना। पटना विश्वविद्यालय में छात्रों के हंगामे की आशंका को देखते हुए सिंडिकेट की बैठक ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई। पहले यह बैठक ऑफलाइन मोड में मुख्यालय में होनी थी, जिसकी भनक छात्रों को लग गई।
कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह सहित,अधिकारी और सदस्य ऑनलाइन जुड़े। बैठक में 12वीं पास सेवानिवृत्त सैनिकों को बैचलर आफ आर्ट इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की पढ़ाई की स्वीकृति दी गई। यह कोर्स छह माह का होगा।
सेवानिवृत्त सैनिकों को बैचलर आफ आर्ट इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की डिग्री सैनिक निदेशालय, बिहार की अनुशंसा के आधार पर प्रदान की जाएगी। इस डिग्री का इस्तेमाल पूर्व सैनिक आगे अपने करियर में कर सकेंगे।
सेवानिवृत्त सैनिकों को डिग्री प्रदान करने के लिए लोक भवन स्तर से भी अनुशंसा की गई थी। विश्वविद्यालय को केवल परीक्षा और डिग्री प्रदान करने का अधिकार होगा। नामांकन समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगा।
बैठक में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होनी थी, जो ऑनलाइन मोड में नहीं हो सकी। अब बताया जा रहा है अन्य पर निर्णय ऑफलाइन बैठक में लिये जाएंगे।
ऑफलाइन बैठक में मुख्य रूप से पर्यावरण विज्ञान विषय में अनुशंसित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के अनुमोदन पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा अवैतनिक अवकाश के लिए शिक्षकों की ओर से दिए गए आवेदनों पर भी चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें- BRABU में पीजी के 33 विषयों में भारतीय ज्ञान परंपरा की होगी पढ़ाई, वैल्यू एडेड कोर्स में शामिल
