पटना में रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौत
पटना सिटी के बाइपास फोरलेन पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक ...और पढ़ें

दो युवकों की मौत
HighLights
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर।
दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी(पटना)। बाइपास थाना क्षेत्र के फोरलेन पर मंगलवार की सुबह छोटी पहाड़ी के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर यातायात और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुंगेर के रहने वाले थे दोनों युवक
यातायात थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के हरिपुर थाना क्षेत्र निवासी 31 वर्षीय अमरेश कुमार और असरगंज थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय मंजय कुमार के रूप में हुई है।
दोनों निजी काम करते थे और बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से कुचल गए।
मीठापुर में किराये पर रहते थे दोनों
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवक इलेक्ट्रिक का काम करते थे और पटना के मीठापुर क्षेत्र में किराये पर रहते थे। हादसे की सूचना उनके स्वजनों को दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ट्रक जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। यातायात थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
