टैंक लॉरी की टक्कर में महिला होमगार्ड समेत दो की मौत, दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद से घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पटना रोड पर सिमरा गांव के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में महिला होमगार्ड जवान समेत दो लोगों ...और पढ़ें
HighLights
पटना रोड पर भीषण सड़क हादसे में दो की मौत।
महिला होमगार्ड जवान और एक अन्य व्यक्ति शामिल।
टक्कर के बाद टैंक लॉरी नहर में जा गिरी।
संवाद सूत्र,फुलवारी शरीफ(पटना)। जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के पास पटना रोड पर मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में महिला होमगार्ड जवान समेत दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंक लॉरी ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित टैंक लॉरी सड़क किनारे नहर में जा गिरी। सुबह-सुबह हुए इस हादसे से घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
टेंपो को टक्कर मारने के बाद नहर में गिरी लॉरी
दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे सिमरा गांव के पास हुई। जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार ने हादसे में महिला होमगार्ड जवान समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि की।
टक्कर के बाद टैंक लॉरी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और लॉरी सड़क किनारे नहर में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
बेटी से मिलकर लौट रहे थे विजय सिंह
बताया जाता है कि बिक्रम थाना क्षेत्र के हदसार गांव निवासी खदेरन सिंह के पुत्र विजय सिंह अपनी बेटी से मिलने महिला होमगार्ड जवान के साथ फुलवारी शरीफ से बिक्रम गए थे।
मंगलवार की सुबह विजय सिंह टेंपो से महिला जवान को वापस फुलवारी शरीफ पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान सिमरा गांव के पास पटना रोड पर टैंक लॉरी ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की जान चली गई।
दो जेसीबी और दो क्रेन से निकाली गई टैंक लॉरी
हादसे के बाद नहर में गिरी टैंक लॉरी को बाहर निकालना बचाव दल के लिए चुनौती बन गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया।
लॉरी को नहर से निकालने के लिए दो जेसीबी और दो क्रेन मंगाई गईं। घंटों की मशक्कत के बाद टैंक लॉरी को बाहर निकाला जा सका। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिए गए।
नवरात्र की खुशियां मातम में बदलीं, परिजनों में कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार और रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। नवरात्र के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने हदसार गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया।
सुबह की शुरुआत पूजा-पाठ और रोजमर्रा के कामकाज के साथ हुई थी, लेकिन दो लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक छा गया।
